श्रावण मास में आध्यात्मिक आस्थाः आगरा में 14 जुलाई से नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव

आगरा। श्रावण मास की पुण्य बेला में 14 जुलाई से सूरसदन सभागार में नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन गोपेश बाबा के संरक्षण और मार्गदर्शन में होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त संत, गौ वैज्ञानिक, भजन गायक और गौसेवक शामिल होंगे।

Jun 19, 2025 - 18:09
 0
श्रावण मास में आध्यात्मिक आस्थाः आगरा में 14 जुलाई से नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव
अतिथि वन में शिव पुराण कथा एवं गौ महिमा महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते बाएं से नितेश अग्रवाल सर्राफ, महेश शर्मा, आत्मानंद प्रभु, विजय ओझा, सनातन केसरी, अरविंद बाबा, ऋषि रंजना गौड़ एवं अन्य।

-सूरसदन में गूंजेगी शिव महापुराण कथा, रसराज जी महाराज करेंगे कथा अमृत की वर्षा

प्रमुख आकर्षण शिव महापुराण कथा रहेगी, जिसे रसराज जी महाराज अपनी रसमयी वाणी में सुनाएंगे। कथा के माध्यम से भक्तों को भगवान शिव की लीलाओं और गौसेवा के महत्व का बोध कराया जाएगा।

कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, 1500 महिलाएं होंगी शामिल

महोत्सव की शुरुआत विशाल मंगल कलश यात्रा से होगी जिसमें आगरा नगर की 1500 श्रद्धालु महिलाएं भाग लेंगी। यह शोभायात्रा पूरे शहर में धार्मिक ऊर्जा का संचार करेगी।

काशी के विद्वान करेंगे सवालाख पार्थिव रुद्राभिषेक और नित्य गो आराधना

महोत्सव के दौरान 1,25,000 पार्थिव शिवलिंगों का रुद्राभिषेक काशी से आए विद्वानों द्वारा किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक दिन गौ पूजन व गोदान जैसे वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जो धार्मिक शुद्धता और पुण्य का स्रोत होंगे।

गौ विज्ञान संगोष्ठी में जैविक कृषि व पंचगव्य उत्पादों पर फोकस

देशभर से पधारने वाले गौ वैज्ञानिक व गोपालन विशेषज्ञ आम जन, गोसेवकों और किसानों को गो आधारित उत्पाद निर्माण, जैविक खेती, पंचगव्य चिकित्सा और गौशाला प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे।

रसमयी भजन संध्या

नवदिवसीय आयोजन की प्रत्येक रात्रि भजन संध्या से भक्तों को अध्यात्म रस की अनुभूति होगी। बाबा चित्र विचित्र और साध्वी पूनम दीदी जैसे प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियां होंगी।

गोपेश बाबा के संरक्षण में होगा आयोजन

गौ महिमा महोत्सव के मुख्य संरक्षक पूज्य गोपेश बाबा हैं, जिनके नेतृत्व में देशभर में 2 लाख से अधिक गौमाता की सेवा हो रही है और 15,000 गोरक्षक नियमित गोसेवा कर रहे हैं।

जन जागरूकता हेतु आमंत्रण पत्र विमोचित

अतिथिवन, आगरा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आगरा व वृंदावन के संतों-महंतों, समाजसेवियों और आयोजकों ने महोत्सव के लिए आमंत्रण पत्र विमोचित किया।
इस अवसर पर सनातन केसरी जी महाराज, आत्मानंद ओझा, ऋषि रंजना गौड़, विजय ओझा, पार्षद मुरारीलाल गोयल, सुमन गोयल, पूर्व पार्षद कुंदनिका शर्मा, महेश शर्मा, नितेश अग्रवाल, कुमकुम उपाध्याय, सुधीर आर्य, प्रियंका ठाकुर, राजेश दुबे, पूजा जैन आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor