हरिद्वार में मां मनसा देवी मंदिर में भगदड़: छह की मौत, दर्जनों घायल, राहत व बचाव कार्य जारी
हरिद्वार। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मां मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह भयावह भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत होने और तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। प्रशासन की टीमें बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि मंदिर में आज विशेष पूजा के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य से कई गुना अधिक थी। मंदिर तक पैदल, सड़क और रोपवे से पहुंचने के तीनों रास्तों पर भारी भीड़ थी। इसी दौरान मंदिर परिसर के पास एक संकरे रास्ते में अचानक भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे गिर चुके श्रद्धालुओं को कुचलते हुए लोग आगे निकलते रहे। मौके पर मौजूद पुलिस बल भीड़ को संभालने में विफल रहा। भगदड़ के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सुरक्षा प्रबंधन की भारी चूक हुई है।