शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स 2170 और निफ्टी 604 अंक टूटा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण से पहले ही निवेशकों की नजरें सेंसेक्स, निफ्टी, बैंकिंग, पीएसयू, डिफेंस, कैपेक्स और टैक्स ऐलान पर टिकी हैं।
मुंबई। आम बजट 2026-27 आज, 1 फरवरी को पेश किया गया है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का हाई-वोल्टेज सेशन देखने को मिला। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण से पहले ही निवेशकों की नजरें सेंसेक्स, निफ्टी, बैंकिंग, पीएसयू, डिफेंस, कैपेक्स और टैक्स ऐलान पर टिकी थीं।
दोपहर 12.30 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स 2170.47 अंकों (2.64%) की भारी गिरावट के साथ 80,099.31 अंकों और निफ्टी 604.05 अंकों (2.39%) के नुकसान के साथ 24,716.60 अंकों पर आ गया है। शेयर बाजार को बजट बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। लिहाजा, बाजार क्रैश हो गया। दोपहर 12.21 बजे तक सेंसेक्स 854.29 अंकों (1.04%) की गिरावट के साथ 81,415.49 अंकों पर और निफ्टी 278.30 अंकों (1.10%) के भारी नुकसान के साथ 25,042.35 अंकों पर कारोबार कर रहा था।
सरकार द्वारा नारियल, काजू जैसी कीमती फसलों की खेती को सपोर्ट करने के प्रस्ताव के बाद कृषिवल फूड्स के शेयर 5.85% बढ़कर 334 रुपये के हाई पर पहुंच गए हैं।
एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स, ITC होटल्स, इंडिया टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, एडवेंट होटल्स इंटरनेशनल, ओरिएंटल होटल्स, लेमन ट्री होटल्स, EIH एसोसिएटेड होटल्स, ईज़ी ट्रिप प्लानर्स और दूसरे हॉस्पिटैलिटी स्टॉक्स में तेजी देखी जा रही है। बताते चलें कि वित्त मंत्री ने टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कई घोषणा की है। इसके तहत 12-हफ्ते के कोर्स के जरिए 10,000 गाइड्स को ट्रेन करने के लिए एक पायलट स्कीम लॉन्च की जाएगी।
हाल, बेल ,भारत डायनेमिक्स, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स जैसे तमाम दिग्गज डिफेंस स्टॉक्स में शुरू हुए गिरावट का सिलसिला लगातार गहराता जा रहा है। अब ये शेयर बड़ी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
रेलवे स्टॉक्स में बिकवाली शुरू हो गई है। आईआरएफसी, आरवीएनएल, आईआरसीटीसी, जुपिटर वैगन्स जैसे नामी रेलवे स्टॉक्स में गिरावट बढ़ती जा रही है।
शेयर बाजार को बजट पसंद नहीं आ रहा है। लिहाजा, निवेशकों ने शेयर बेचने शुरू कर दिए हैं। एक समय पर शानदार बढ़ोतरी के साथ कारोबार कर रहा शेयर बाजार अब गिरावट के साथ लाल निशान में पहुंच गया है और ये गिरावट अब लगातार बढ़ती जा रही है।