पुरुषोत्तम मास में भक्ति की बही सरिता, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में पालना उत्सव, श्रीमदभागवत कथाओं में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आगरा में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं पुष्पों से सजे पालने में ठाकुरजी को झुलाकर भक्तों ने आशीर्वाद प्राप्त किया तो कहीं श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव और नंदोत्सव की आनंद वर्षा में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

Jun 4, 2026 - 20:28
 0
पुरुषोत्तम मास में भक्ति की बही सरिता, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में पालना उत्सव, श्रीमदभागवत कथाओं में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
मथुराधीश जी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर पुष्पों से सजे पालने में विराजमान ठाकुर श्री लालजी को झुलाते श्रद्धालु।

पालना उत्सव में पुष्पों से सजे पालने में झूले ठाकुरजी

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में लालजी के भव्य पालना मनोरथ एवं उत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक बंदनवारों से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद ठाकुर श्री लालजी को विशेष श्रृंगार कर पुष्पों से सुसज्जित भव्य पालने में विराजमान किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे वैष्णव भक्तों ने बारी-बारी से पालना झुलाकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। "जय श्रीकृष्ण" और "लालजी सरकार की जय" के जयघोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत मधुर कृष्ण भजनों और कीर्तन ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्सव की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय, प्रमोद खंडेलवाल, राजकुमार खंडेलवाल, बृज खंडेलवाल, रजत, अनुज, आशु, अमित खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सब विकासों का मूल है प्रभु की कथा : रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज

कालिंदीपुरम कॊलोनी में भागवत कथा का श्ववण कराते स्वामी रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज।

आगरा। पंचेश्वर महादेव मंदिर, कालिंदीपुरम कॉलोनी, मऊ रोड, खंदारी बायपास चौराहा पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर कथा व्यास अनंत श्री विभूषित स्वामी श्री रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन ने भगवान के विभिन्न अवतारों, वामन अवतार तथा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की दिव्य कथाओं का रसपान कराया।

महाराजश्री ने कहा कि "सब विकासों का मूल प्रभु की कथा है। विकास वहीं होता है, जहां भगवान की कथा होती है।" उन्होंने बताया कि कथा मनुष्य के भीतर संस्कार, सेवा, करुणा, धर्म और सदाचार का विकास करती है तथा समाज को सही दिशा प्रदान करती है।

कथा के दौरान वामन अवतार का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने राजा बलि के अहंकार के अंत और विनम्रता के महत्व का संदेश दिया। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही पूरा कथा पंडाल "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।

महाराजश्री ने कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल मथुरा में नहीं, बल्कि प्रत्येक भक्त के हृदय में होता है। जब मन में प्रेम, सत्य, धर्म और करुणा का प्रकाश होता है, तभी वास्तविक रूप से श्रीकृष्ण का प्राकट्य होता है।

नंदोत्सव में झूमे श्रद्धालु, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ कथा पंडाल

बल्केश्वर पार्क में आयोजित श्रीमदभागवत कथा में नंदोत्सव के दौरान भाव विभोर श्रद्धालु।

आगरा। श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद नंदोत्सव का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियों में श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूम उठे और पूरे परिसर में भक्ति एवं आनंद की अविरल धारा बहती रही।

मंदिर परिसर को आकर्षक झांकियों, पुष्प सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने नृत्य, भजन और जयघोषों के माध्यम से अपनी भक्ति अर्पित की। मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल रावी, शिवानी अग्रवाल, विजय अग्रवाल, नीता अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नीलू अग्रवाल एवं सरोज बाला अग्रवाल ने व्यास पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर जगमोहन गौतम, विनोद यादव, भूपेंद्र चाहर, जे.पी. शर्मा, कृष्ण दत्त गौतम, तिलक सिंह, रामनरेश राठौर, क्षेत्रपाल सिंह, राजेश कुलश्रेष्ठ, आर.पी. सिंह, राकेश परमार, हेमेंद्र मित्तल, कमल सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, लवकेश गौतम, धीरज सिंह राजपूत, शैलेंद्र प्रताप सिंह, यश दुबे, निशांत सिंह तथा पार्षद ललित गौतम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor