चंडीगढ़ में बड़ी वारदात के तार आगरा से जुड़े, सर्राफ समेत से तीन लोग उठाए, दो छोड़े
आगरा। चंडीगढ़ में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के तार ताजनगरी से जुड़े मिले हैं। शनिवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस ने स्थानीय लोहामंडी थाना पुलिस की मदद से लोहामंडी क्षेत्र में दबिशें दीं और तीन हिरासत में ले लिया। इसके अलावा फौव्वारा क्षेत्र से एक सर्राफा कारोबारी को को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है, जिससे क्षेत्र में खलबली मच गई है। पूछताछ के बाद सर्राफा समेत दो लोगों को तो छोड़ गई, लेकिन एक को अपने साथ ले गई।
चंडीगढ़ में पकड़े युवक ने लिए आगरा के लोगों के नाम
सूत्रों के अनुसार जिन लोगों को आगरा से पकड़ा गया है, वे चंडीगढ़ में किसी बड़ी आपराधिक वारदात में शामिल थे। अभी फिलहाल इतनी ही जानकारी मिली है कि पहले आगरा में रह चुके एक युवक को चंडीगढ़ पुलिस ने पकड़ा, जिसने आगरा के तीन और लोगों के नाम लिए। इसी आधार पर चंडीगढ़ पुलिस की टीम ट्रेसिंग करते हुए इन आरोपियों की तलाश में आगरा पहुंची। शनिवार को सुबह थाना लोहामंडी की पुलिस को साथ लेकर लोहामंडी क्षेत्र में दबिशें दी गईं।
सर्राफा कारोबारी की भूमिका संदिग्ध
जिस घटना की छानबीन में चंडीगढ़ पुलिस आगरा पहुंची है, वह छिनैती की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पकड़े गए अपराधियों ने चोरी का माल आगर में ही सर्राफा कारोबारी को बेचा है, इसलिए फौव्वारा क्षेत्र से सर्राफा कारोबारी को भी पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले आई। पकड़े गये लोगों से लोहामंडी थाने में ही चंडीगढ़ पुलिस द्वारा पूछताछ की गई। बाद में स्पष्ट हुआ कि चंडीगढ़ पुलिस ने दो लोगों को तो छोड़ दिया जबकि एक को अपने साथ ले गई। आगरा पुलिस इस प्रकरण में सहयोगी की भूमिका तक सीमित रही।
चंडीगढ़ पुलिस द्वारा पूछताछ जारी
चंडीगढ़ पुलिस की पूछताछ की कार्रवाई जारी है। लोहामंडी क्षेत्र से उठाये गये लोगों में से एक नाम अशोक बताया गया है। अशोक बीमार है। उसकी मां इलाज की फाइल और दवा लेकर लोहामंडी थाने पहुंची हुई थी। लोहामंडी क्षेत्र में तड़के हुई इस कार्रवाई के बाद लोहामंडी क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। चंडीगढ़ पुलिस अशोक को ही अपने साथ लेकर गई है।