आगरा कॉलेज में विद्यार्थियों का ओरिएंटेशनः रिसर्च और करियर अवसरों पर दिया गया जोर
आगरा कॉलेज, आगरा के जंतु विज्ञान विभाग में आज एम.एससी. 7वें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि और प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने अपने संबोधन में छात्रों को जंतु विज्ञान विषय की महत्ता बताते हुए कहा कि यह अध्ययन केवल जीवों की संरचना और कार्यप्रणाली तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा विज्ञान, फॉरेंसिक साइंस और जैव-प्रौद्योगिकी में व्यापक करियर अवसर प्रदान करता है।
विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सरकार ने आगरा कॉलेज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान सिलेबस और विभिन्न पेपर्स की जानकारी देते हुए कहा कि जंतु विज्ञान में अनुसंधान और प्रैक्टिकल अध्ययन के माध्यम से छात्रों के लिए असीमित करियर संभावनाएं खुलती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इस विषय में गहन अध्ययन करके न केवल अकादमिक सफलता प्राप्त करें, बल्कि अपने ज्ञान का उपयोग समाज और विज्ञान के विकास में भी करें।
इस अवसर पर प्रो. सुमन कपूर, प्रो. विश्वाकांत गुप्ता, डॉ. उमेश शुक्ला, डॉ. जिनेश कुमार सिंह, प्रो. गीता माहेश्वरी, प्रो. डी. पी. सिंह, डॉ. सोनल सिंह, डॉ. आनंद प्रताप सिंह और डॉ. केशव सिंह सहित अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यदेव शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अचिंत वर्मा ने प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम ने छात्रों को विषय की गहन समझ और भविष्य में रिसर्च और करियर के लिए आवश्यक दिशा प्रदान की।