आगरा में विद्यार्थियों को दिलाया पर्यावरण और जीव रक्षा का संकल्प, विदेशी नस्ल के महंगे पालने के बजाय देसी श्वानों का संरक्षण करें

आगरा। पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शास्त्रीपुरम स्थित होली पब्लिक स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कैस्पर्स होम एवं लॉयन्स क्लब आगरा यशकीर्ति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पशु कल्याण और जीवों के साथ सहअस्तित्व के महत्व की जानकारी दी गई।

Feb 17, 2026 - 21:51
 0
आगरा में विद्यार्थियों को दिलाया पर्यावरण और जीव रक्षा का संकल्प, विदेशी नस्ल के महंगे पालने के बजाय देसी श्वानों का संरक्षण करें
होली पब्लिक स्कूल में बच्चों को पर्यावरण और जीव रक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मौजूद विनीता अरोरा और अन्य।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लॉयन्स क्लब आगरा यशकीर्ति की अध्यक्ष एवं कैस्पर्स होम की चेयरपर्सन विनीता अरोरा ने कहा कि विदेशी नस्ल के महंगे श्वानों को पालने की बजाय भारतीय देसी श्वानों की देखभाल करना अधिक मानवीय और व्यावहारिक है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 51(जी) और अनुच्छेद 21 का उल्लेख करते हुए बताया कि पर्यावरण की रक्षा, पशुओं के साथ करुणामय व्यवहार और सभी जीवों के गरिमापूर्ण जीवन का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भरपेट भोजन और नियमित देखभाल मिलने पर देसी श्वान शत्रु नहीं, बल्कि सहयोगी और सच्चे मित्र बनते हैं।

लॉयन्स क्लब आगरा यशकीर्ति की चार्टर प्रेसिडेंट रोमा सिंह ने कहा कि बच्चों को स्थानीय श्वानों के महत्व और उनकी देखभाल के प्रति जागरूक करना भविष्य में एक संवेदनशील और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पशु कल्याण से जुड़े सामान्य नियमों और कानूनों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य श्वेता राठौर ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को न केवल सरकारी नियमावली की जानकारी मिलती है, बल्कि उनमें जीवों के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित होती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि वे किस प्रकार अपने आसपास के जानवरों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करते हैं। इस अवसर पर विकास अग्रवाल, सतपाल, शिवानी वर्मा, शिवम, कमलमीत कौर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor