ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर पिनाहट थाने का दरोगा सस्पेंड
आगरा/पिनाहट। थाना पिनाहट में तैनात दरोगा नीटू सिंह को डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार ने सस्पेंड कर दिया है। दरोगा को ड्यूटी के प्रति घनघोर लापरवाही बरतने और दो दिन पहले थाना प्रभारी के साथ की गई अभद्रता के मामले में निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार दरोगा नीटू सिंह द्वारा ड्यूटी के प्रति निरंतर लापरवाही बरती जा रही थी। थाने में आने वाले फरियादियों से अभद्रता और किसी से कुछ भी कह देना आम बात हो गई थी। इनके बीट क्षेत्र में दो लूट की घटनाएं होने के बाद भी इन घटनाओं से कोई सरोकार नहीं था। बताते हैं कि दो दिन पहले थाना प्रभारी पिनाहट ब्रह्मपाल सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। दरोगा नीटू सिंह बुलाने के बाद भी बैठक में नहीं पहुंचे।
बैठक खत्म होने के बाद आए तो थाना प्रभारी ने कुछ शिकायतों को लेकर दरोगा को समझने का प्रयास किया तो थाना प्रभारी ब्रह्मपाल सिंह पर ही आग बबूला हो गए। थाना प्रभारी ने अधिकारियों को अवगत कराया और डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार ने आज दरोगा नीटू सिंह को सस्पेंड कर दिया।