आगरा कॉलेज में सफलता की दस्तक: इंजीनियरिंग संकाय के तीन छात्रों का गाजियाबाद की कंपनी में चयन
आगरा। आगरा कॉलेज के इंजीनियरिंग संकाय में चल रही प्लेसमेंट गतिविधियों को आज एक और सफलता मिली, जब गाजियाबाद की प्रतिष्ठित कंपनी एमपीजी एसोसिएट ने तीन छात्रों का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर सौंपा। चयनित छात्र सचिन श्रीवास्तव, सूर्यान्श उपाध्याय और सुशील कुमार हैं, जो सिविल इंजीनियरिंग विभाग से हैं।
-42 लाख के पैकेज पर पहले ही छात्र का चयन, अब और कंपनियों की प्लेसमेंट ड्राइव प्रस्तावित
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि जल्द ही और भी कंपनियों की प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य आगामी वर्षों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है, जिसके लिए ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल लगातार कार्य कर रही है।
प्लेसमेंट प्रक्रिया के प्रथम चरण में ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू हुआ, जिसमें इंजीनियर पंकज कुमार गुप्ता और इंजीनियर हरीश शर्मा (एमपीजी एसोसिएट) ने छात्रों का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के दूसरे राउंड के बाद तीन छात्रों को अंतिम रूप से चुना गया।
इससे पहले भी मैकेनिकल विभाग के छात्र सक्षम जैन का चयन 42 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर एक इंडस्ट्री में हो चुका है, जिससे संस्थान का नाम रोशन हुआ। इस सफल आयोजन में इंजी. उद्धव द्विवेदी, डॉ. अनुराग शर्मा, इंज. आनन्द कुमार, डॉ. यादवेन्द्र शर्मा, सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग उल्लेखनीय रहा।