आगरा में पहली बार सफल रोबोटिक टेली-सर्जरी हुई
आगरा। चिकित्सा जगत में क्रांतिकारी उपलब्धि हासिल करते हुए आगरा ने नया इतिहास रच दिया है। कमलेश टंडन हॉस्पिटल, आगरा में उत्तर प्रदेश की पहली रोबोटिक टेली-सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से एक साथ दो शहरों—आगरा और भोपाल—में जटिल शल्यक्रियाएँ की गईं।
आगरा। चिकित्सा जगत में क्रांतिकारी उपलब्धि हासिल करते हुए आगरा ने नया इतिहास रच दिया है। कमलेश टंडन हॉस्पिटल, आगरा में उत्तर प्रदेश की पहली रोबोटिक टेली-सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से एक साथ दो शहरों—आगरा और भोपाल—में जटिल शल्यक्रियाएँ की गईं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित टंडन ने आगरा से रोबोटिक सिस्टम संचालित करते हुए भोपाल स्थित एक महिला मरीज का सफल ऑपरेशन किया। वहीं डॉ. प्रिया भावे ने भोपाल से कनेक्ट होकर आगरा की एक महिला मरीज की ओवरी सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न किया। यह पहली बार था जब दो अलग-अलग शहरों में एक साथ रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन किए गए।
डॉ. अमित टंडन ने आगरा में ही एक महिला की बच्चेदानी (Uterus) सर्जरी भी रोबोटिक प्रणाली के माध्यम से की। इसमें बच्चेदानी खिसकने या बाहर आ जाने की स्थिति में टेप तकनीक से उसे पुनः स्थापित किया गया। यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में अपनी तरह की पहली सफल रोबोटिक सर्जरी मानी जा रही है।
डॉ. अमित टंडन ने बताया कि ये सर्जरी आगामी एंडो रोबो गायनी 2025 कार्यशाला का हिस्सा हैं। यह कार्यशाला 4–5 अक्टूबर को ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, फतेहाबाद रोड, आगरा में आयोजित होगी। इसमें भारत और विदेशों से आए 400 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे।
कार्यशाला के दौरान लाइव रोबोटिक और टेली-सर्जरी का प्रदर्शन होगा और नए सर्जनों को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही, लैप्रोस्कोपिक विधि से सर्जरी, बच्चेदानी की जन्मजात समस्याओं, स्त्रियों के मूत्र रोग (खाँसने या छींकने पर पेशाब का निकलना) और अन्य आधुनिक तकनीकों पर मंथन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल आगरा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।