आगरा के धनौली में सुसाइडः ससुराल से खाली हाथ लौटा था और रात में फंदे से झूल गया
आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली गांव में बीती रात एक हृदय विदारक घटना घट गई। 26 वर्षीय युवक हरवीर सिंह ने संदिग्ध हालातों में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दो बच्चों का पिता था। इस घटना से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है।
-26 साल के युवक की मौत से दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बताया जा रहा है कि हरवीर अपनी पत्नी और बच्चों को ससुराल से लाने गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से पत्नी उसके साथ नहीं लौटी। यह बात उसे काफी अपसेट कर गई थी। परिजनों का मानना है कि इसी मानसिक आघात में आकर हरवीर ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि आत्महत्या का कारण अधिकारिक रूप से अभी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि हरवीर और उसकी पत्नी के बीच क्लेश थी।
घटना का खुलासा तड़के उस वक्त हुआ, जब हरवीर का बड़ा भाई रोज की तरह पशुओं को चारा देने के लिए तड़के करीब तीन बजे उठा। उसने हरवीर को घर के ही जंगले से लटका देखा। चीख-पुकार मच गई। परिवारजन दौड़े चले आए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
फिलहाल मलपुरा पुलिस के पास इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। धनौली गांव में इस जवान मौत को लेकर भारी संवेदना है। हरवीर की असमय मौत से उसके छोटे-छोटे बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया है।