‘ब्रज रज उत्सव’ में सुजीत ओझा के भजनों और स्वप्निल रास्ते की प्रस्तुति ने बांधा समां
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में धौली प्याऊ स्थित रेलवे मैदान पर चल रहा ब्रज रज उत्सव 2025 रविवार को भक्ति, संगीत, इतिहास और ब्रज संस्कृति के रंगों में डूबा नजर आया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकार, लोक संगीत, व्यंजनों की सुगंध और स्थानीय हस्तशिल्प की झलक ने पूरे उत्सव को दिव्यता और लोकगंध से भर दिया।
दोपहर के सांस्कृतिक सत्र की शुरुआत स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से की। सर्वप्रथम सौरभ चतुर्वेदी ने शुद्ध शास्त्रीय शैली में ध्रुपद गायन प्रस्तुत कर सुरों की गूंज से वातावरण को भक्ति रस में डुबो दिया। इसके बाद रामेन्द्र खुराना ने अपनी ओड़िसी नृत्य शैली से भारतीय नृत्य परंपरा की गंभीरता और सौंदर्य को मंच पर साकार किया।
कीर्ति बल्लभ पाठक के भजनों ने दर्शकों को भक्ति की अनुभूति कराई, जबकि कार्यक्रम का संचालन दीपक गोस्वामी ने प्रभावशाली ढंग से किया।
शाम होते-होते उत्सव ने अपना भव्य और भावनात्मक रूप धारण किया। मुख्य मंच पर पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक सुजीत ओझा ने अपने मधुर स्वरों में चलो मन वृंदावन की ओर भजन से प्रस्तुति की शुरुआत की।
इसके बाद हमारे श्याम श्यामा की, माने चाकर रखो जी, कृष्ण उठत कृष्ण चलत, अधरम मधुरम और राधा घर कानन में राधा जैसे भजनों से पूरा पंडाल भक्तिरस से सराबोर हो गया। श्रद्धालु तालियों और भावविभोर जयघोषों के साथ झूम उठे।
इसके बाद मंच पर पहुंचे सुप्रसिद्ध नाट्य कलाकार स्वप्निल रास्ते, जिन्होंने अपनी विशेष प्रस्तुति “हिस्टोरिकल एम्पायर्स ऑफ इंडिया” के माध्यम से भारतीय इतिहास के गौरवशाली अध्यायों को नृत्य, नाट्य और आधुनिक दृश्य तकनीक के संगम से जीवंत कर दिया। उन्होंने भारत की प्राचीन सभ्यताओं, योद्धाओं और सांस्कृतिक गौरव को भावनात्मक रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों के मन में गर्व की लहर दौड़ा दी।
पूरे दिन ब्रज रज उत्सव का वातावरण लोकनृत्य, संगीत, पारंपरिक झांकियों, खानपान और मनोरंजन के बीच सजीव रहा। शहरभर से उमड़ी भीड़ ने इस सांस्कृतिक पर्व को अविस्मरणीय बना दिया।
सोमवार को चाणक्य से गूंजेगा ब्रज रज उत्सव
सोमवार की संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी जब पद्मश्री मनोज जोशी अपने प्रसिद्ध नाट्य रूपांतर “चाणक्य” का मंचन करेंगे। यह ऐतिहासिक और प्रेरणादायक प्रस्तुति शाम 7 बजे मुख्य मंच पर आयोजित होगी।