सूर्य देव ने सुबह से ही दिखाए तेवर, तीन दिन तक भीषण गर्मी पड़ने के आसार

आगरा। सूर्य देव ने आज सुबह से ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह से ही तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

Apr 7, 2025 - 12:16
 0
सूर्य देव ने सुबह से ही दिखाए तेवर, तीन दिन तक भीषण गर्मी पड़ने के आसार

सुबह से ही चिलचिलाती धूप की वजह से घर से बाहर निकले लोगों में बेचैनी और घबराहट दिखी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों यानि आज से 9 अप्रैल तक तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार 11 अप्रैल को बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।

आज सुबह से पारे ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिसके दोपहर में 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिसके चलते अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल तक भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है, जिसमें गर्म हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दस अप्रैल के बाद बादल छाने के आसार हैं। फिर भी तापमान में बदलाव की उम्मीद कम है। 

आगामी दिनों का मौसम

आने वाले दिनों में भी आगरा में मौसम मुख्यतः शुष्क और गर्म रहने का अनुमान है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दोपहर के समय गर्मी चरम पर रहेगी, इसलिए नागरिकों को सीधे धूप के संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। नौ अप्रैल तक तापमान में 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी 

इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी को लेकर नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें , ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। हल्के रंग के और ढीले कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय टोपी और धूप का चश्मा अवश्य पहनें।

पर्यटकों की हालत बिगड़ी 

गर्मी का असर पर्यटकों पर भी देखा जा रहा है। ताजमहल देखने आए पर्यटकों की रविवार को गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ गई। बिहार की 65 वर्षीय मानु देवी को अचानक घबराहट हुई और वह गिर पड़ीं। वहीं, मध्य प्रदेश के 41 वर्षीय राजवीर और पंजाब की 30 वर्षीय प्रतिभा को रॉयल गेट के पास उल्टी होने लगी। इसके अलावा असम की 30 वर्षीय बैजंती दत्ता ने पेट दर्द की शिकायत की। सभी पर्यटकों को प्राथमिक उपचार दिया गया।