थाली से बिस्तर तक सुरेरी का कब्ज़ा – एफसीआई गोदाम बना महामारी का अड्डा

आगरा। आगरा कैंट स्थित फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के गोदाम में रखा अनाज अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। गोदाम में अनाज पर सुरेरी नामक उड़ने वाले कीड़े लग गए हैं, जो बड़ी संख्या में आसपास की बस्तियों और कॉलोनियों में फैल रहे हैं।

Oct 2, 2025 - 19:34
 0
थाली से बिस्तर तक सुरेरी का कब्ज़ा – एफसीआई गोदाम बना महामारी का अड्डा
स्थानीय निवासी

आगरा। आगरा कैंट स्थित फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के गोदाम में रखा अनाज अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। गोदाम में अनाज पर सुरेरी नामक उड़ने वाले कीड़े लग गए हैं, जो बड़ी संख्या में आसपास की बस्तियों और कॉलोनियों में फैल रहे हैं।

अर्जुन नगर, नगला मेहराव, अयोध्या कुंज A, अयोध्या कुंज B, बिहारीपुरा, सराय ख्वाजा, नेहरू कुंज, नरीपुरा सहित कई इलाके कीड़े के हमले से प्रभावित हैं। लोगों का घरों में खाना खाना, सोना और बच्चों को सुरक्षित रखना मुश्किल हो गया है। खाना खाते समय यह कीड़े थाली में गिर जाते हैं, तो वहीं बिस्तरों में घुसकर बच्चों को काट रहे हैं। खुले आसमान के नीचे बैठना तक दूभर हो गया है।

अधिकारी हर साल करते हैं लापरवाही

अर्जुन नगर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि घर में खाना खाते समय थाली में कीड़े गिर जाते हैं। बच्चों का बिस्तर तक सुरक्षित नहीं है। नगला मेहराव की सरोज देवी ने कहा कि कीड़े रात में शरीर पर गिरते हैं और काट लेते हैं, जिससे बच्चों की सेहत बिगड़ रही है। अयोध्या कुंज B के अमित वर्मा ने कहा कि खुले आसमान के नीचे बैठना तो नामुमकिन हो गया है। सराय ख्वाजा निवासी शोभा रानी ने आरोप लगाया कि हर साल अधिकारी जानबूझकर अनाज में दवा नहीं डालते, ताकि सड़े हुए अनाज से घोटाला कर सकें।

भाजपा नेता हेमेन्द्र शर्मा का आरोप है कि अनाज को सुरक्षित रखने के लिए जो महंगी कीटनाशक दवा आती है, उसे अधिकारी जानबूझकर इस्तेमाल नहीं करते। नतीजतन, हर साल अनाज में कीड़े लग जाते हैं और फिर सड़ा अनाज घोटाले की भेंट चढ़ा दिया जाता है। जब तक समाचार पत्रों और मीडिया में इस समस्या की चर्चा नहीं होती, तब तक जिम्मेदार विभाग हरकत में नहीं आता।

जनता की मांग

नरीपुरा के मोहित अग्रवाल, नेहरू कुंज के संदीप चौधरी और बिहारीपुरा की रीना शर्मा ने एक सुर में जिलाधिकारी से मांग की है कि अविलंब कार्रवाई कर इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।