निलंबित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा हुए बहाल, मिली आगरा में ही पुनः नियुक्ति
आगरा। रिश्वत कांड के आरोपी निलंबित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा को शासन ने पुनः बहाल करते हुए आगरा में ही मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक पद पर नियुक्ति दे दी है।
गौरतलब है कि विजिलेंस टीम ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक शर्मा को कथित रूप से रिश्वत लेते गिरफ़्तार किया था। जेल जाने साथ ही सेवा नियमावली के तहत शासन ने उनको निलंबित कर दिया था।
इधर शर्मा की गिरफ्तारी के विरोध में शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षकों ने लामबंद होकर आंदोलन शुरू कर दिया था। इसकी गूंज शासन तक पहुँची तो शासन ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित कर मामले की जांच कराई। टीम की रिपोर्ट पर ही शासन ने विजिलेंस टीम के एसपी और अन्य पुलिसकर्मियों को आगरा से हटा दिया था।
इधर शर्मा को भी अदालत से जमानत मिल गई। शासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव आलोक कुमार ने आज शर्मा का निलंबन समाप्त करते हुए उन्हें बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही उन्हें पुनः आगरा का मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक पद पर नियुक्ति भी दे दी है।