अछनेरा थाने के निलंबित दरोगा ने थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, वीडियो वायरल

आगरा के अछनेरा थाने में तैनात रहे निलंबित दरोगा सोबरन यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा ने थाना प्रभारी पर प्रताड़ना और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह वायरल वीडियो पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। उच्च अधिकारी इस वीडियो के आधार पर जांच भी करा रहे हैं।

May 2, 2025 - 23:33
 0
अछनेरा थाने के निलंबित दरोगा ने थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, वीडियो वायरल
अछनेरा थाने के निलंबित दरोगा सोबरन यादव।

दरोगा ने आरोप लगाया है कि उन्हें जानबूझकर रात की ड्यूटी में लगाया जाता था। रात ड्यूटी में जब उन्होंने अवैध खनन वालों को पकड़ा तो थाना प्रभारी ने उन्हें छोड़ दिया। दरोगा यादव का कहना है कि जब उन्होंने अपनी बेटी की सगाई के लिए तीन दिन के अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र दिया तो थाना प्रभारी ने कहा कि पहले जयपुर जाकर वारंट तामील कराकर आओ, इसके बाद छुट्टी मिलेगी। बेटी की सगाई का हवाला देने पर थाना प्रभारी ने न सिर्फ प्रार्थना पत्र फाड़ दिया बल्कि उनके साथ गाली गलौज और अभद्रता भी की। यही नहीं, वरिष्ठ अधिकारियों से कहकर उन्हें निलंबित भी करा दिया।

वीडियो में दरोगा ने थाने में हो रहे कथित अवैध खनन और पुलिस के भ्रष्टाचार की ओर भी इशारा किया है। दरोगा का कहना है कि थाना प्रभारी द्वारा अवैध खनन कराया जा रहा है। दरोगा का कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा ह। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दरोगा की पत्नी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस विभाग ने मामले की जांच के लिए दो एसीपी को अलग-अलग बिंदुओं पर जिम्मेदारी सौंपी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

 

SP_Singh AURGURU Editor