आगरा एयरफोर्स स्टेशन में पीआईए लिखा संदिग्ध गुब्बारा मिला, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

आगरा के एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एरिया में “Pakistan International Airlines” लिखा हरे-सफेद रंग का विमाननुमा गुब्बारा मिला। एयरफोर्स की शिकायत पर शाहगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच में कोई तकनीकी उपकरण नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं। इससे पहले राजस्थान और जम्मू में भी ऐसे गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Feb 15, 2026 - 23:10
 0
आगरा एयरफोर्स स्टेशन में पीआईए लिखा संदिग्ध गुब्बारा मिला, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
आगरा एयर फोर्स स्टेशन पर मिला पीआईए लिखा गुब्बारा।

आगरा। एयर फोर्स स्टेशन आगरा के तकनीकी क्षेत्र में हरे और सफेद रंग का एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने से सुरक्षा तंत्र में हलचल मच गई। गुब्बारे पर “पाकिस्तान इन्टरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा हुआ था और उस पर उर्दू में भी कुछ शब्द अंकित थे। एयरफोर्स प्रशासन की ओर से शाहगंज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

थाना शाहगंज में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 12 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एरिया में प्लेन की आकृति वाला यह गुब्बारा पड़ा मिला। प्राथमिक जांच के बाद सुरक्षा मानकों के तहत इसे कब्जे में लेकर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। गुब्बारे का आकार लगभग 60×34 सेंटीमीटर बताया गया है। इसके साथ करीब 10 मीटर लंबा धागा भी बंधा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह हवा के साथ बहकर परिसर तक पहुंचा हो सकता है।

नहीं मिला कोई तकनीकी उपकरण

एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के अनुसार अब तक की जांच में गुब्बारे के भीतर कोई इलेक्ट्रॉनिक या संदिग्ध तकनीकी डिवाइस नहीं मिली है। हालांकि इसकी सामग्री, निर्माण शैली और उस पर लिखे संदेश की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही एयरफोर्स स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गुब्बारा परिसर के संवेदनशील हिस्से तक कैसे पहुंचा।

राजस्थान और जम्मू में भी सामने आए थे ऐसे मामले

इस तरह के गुब्बारे पहले भी सीमावर्ती इलाकों में मिल चुके हैं। हाल ही में बीकानेर के छतरगढ़ क्षेत्र में, दिसंबर 2024 में बीकानेर के खाजूवाला इलाके में, जून 2025 में श्रीगंगानगर के पदमपुर क्षेत्र में, अगस्त 2025 में जम्मू के नई बस्ती इलाके में इस तरह के गुब्बारे मिल चुके हैं। इन सभी मामलों में “PIA” लोगो वाले विमान आकार के गुब्बारे बरामद हुए थे, जिनकी जांच स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने की थी।

संभावित मकसद पर उठे सवाल

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे गुब्बारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों का ध्यान भटकाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में भ्रम या दहशत फैलाने या अवैध गतिविधियों के परीक्षण के तौर पर किया जा सकता है। हालांकि अब तक किसी भी घटना में गंभीर सुरक्षा खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। सीमा पर तैनात बीएसएफ द्वारा विशेष निगरानी उपकरणों के जरिए ऐसी हवाई वस्तुओं की पहचान और निगरानी की जाती है। आगरा की घटना के बाद स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही गुब्बारे के स्रोत और उद्देश्य को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।