स्वामी प्रसाद मौर्य को रायबरेली में युवक ने स्वागत के बाद मारा थप्पड़, समर्थकों ने की पिटाई
रायबरेली। राजनीतिक हलकों में आज उस समय हलचल मच गई वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर रायबरेली में एक युवक ने माला पहनाने के बाद अचानक हमला कर दिया। यह घटना मिलएरिया थाना क्षेत्र के सारस गांव की है, जहां मौर्य फतेहपुर जाते समय थोड़ी देर के लिए रुके थे।
-हमले के पीछे कारण स्पष्ट नहीं, मौर्य बोले – सरकार गुंडों के आगे मौन, पुलिस मूकदर्शक
घटना के अनुसार, जैसे ही मौर्य समर्थकों से मिल रहे थे, एक युवक ने उन्हें माला पहनाई और फिर पीछे से सिर पर थप्पड़ मार दिया। इस अप्रत्याशित हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। मौर्य के समर्थकों ने हमलावर युवक को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और जमकर पिटाई कर दी। हमलावर के साथ आए दूसरे युवक को भी भीड़ ने पकड़ लिया।
पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन तब तक समर्थकों का गुस्सा दोनों युवकों पर फूट चुका था। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने दोनों को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली लाई और पूछताछ शुरू की। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि दोनों युवकों की मंशा क्या थी और वे किस संगठन से जुड़े हैं।
घटना को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने योगी सरकार को कानून-व्यवस्था के मसले पर कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, करणी सेना के नाम पर कुछ कीड़े मकोड़े कानून का मजाक बना रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बनी है। पुलिस की मौजूदगी में हमला होना बताता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यही हाल रहा, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना भी बेकार है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों युवकों से पूछताछ के बाद ही हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट होगी।