चंद्र सरोवर पर झिलमिलाया द्वापर का माधुर्य, मोहिनी दासी के भजनों से गूंज उठा शरदोत्सव

गोवर्धन। संस्कार भारती मथुरा महानगर शाखा द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर चंद्र सरोवर स्थित ओपन एयर थिएटर पर भव्य शरदोत्सव का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में भक्ति, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Oct 7, 2025 - 14:00
 0
चंद्र सरोवर पर झिलमिलाया द्वापर का माधुर्य, मोहिनी दासी के भजनों से गूंज उठा शरदोत्सव
चंद्र सरोवर के ओपन एयर थिएटर में शरद पूर्णिमा के मौके पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम मथुरा के सहायक आयुक्त राकेश त्यागी एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस भव्य आयोजन में संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेंद्र मोहन सक्सेना एवं श्री गुप्ता जी की अहम भूमिका रही।

शरदोत्सव का मुख्य आकर्षण वृंदावन की सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं कथा वाचिका सुश्री मोहिनी कृष्ण दासी रहीं, जिन्होंने भक्तिमय भजनों की श्रृंखला प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। उनके सुमधुर भजनों पर उपस्थित हजारों श्रद्धालु झूम उठे, महिलाएं नृत्य करते हुए भक्ति में लीन हो गईं। दर्शकों ने बार-बार उनके भजनों की पुनः प्रस्तुति की मांग की।

शरदोत्सव की यह दिव्य संध्या द्वापर युग के उस अमर प्रसंग की स्मृति को जीवंत कर गई, जब भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों संग इस पवित्र स्थल चंद्र सरोवर पर महारास का आयोजन किया था। संस्कार भारती के कलाकार दल द्वारा महारास की विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को रस और रति के दिव्य भावों में डुबो दिया।

कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने भी एक सुंदर भजन प्रस्तुत किया। मुरारी लाल तिवारी ने भावपूर्ण भजन और ब्रज वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।

आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाएं संस्कार भारती के पदाधिकारी सुरेंद्र सक्सेना एवं श्री गुप्ता जी ने संभालीं। 

इस मौके पर श्री त्यागी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, भजन गायक शिवम, प्रीति अग्रवाल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने अंत में ठाकुर जी की आरती उतारी।

SP_Singh AURGURU Editor