सीआईआरसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंटः देश के सात राज्यों के पेशेवर दिग्गज सीए आगरा में लगाएंगे मैदान पर चौके-छक्के, 18 से 21 दिसम्बर तक आयोजन
देश के सात राज्यों के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अब फाइलों और बैलेंस शीट से निकलकर क्रिकेट मैदान पर अपना दमखम दिखाने जा रहे हैं। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की आगरा शाखा द्वारा टी-20 सीआईआरसी क्रिकेट टूर्नामेंट के 16वें संस्करण का आयोजन 18 से 21 दिसंबर तक किया जा रहा है, जिसमें सात राज्यों से करीब 400 पेशेवर सीए भाग लेंगे। चार दिवसीय इस महाआयोजन में शहर के छह प्रमुख मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
आगरा। टी-20 सीआईआरसी क्रिकेट टूर्नामेंट के 16वें संस्करण की मेजबानी इस वर्ष आगरा को मिली है। आयोजन को लेकर देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को संजय प्लेस स्थित सीए भवन पर आयोजन समिति के सदस्यों अभिषेक अग्रवाल और कृष्णा मित्तल ने टूर्नामेंट के पोस्टर का विधिवत विमोचन कर जानकारी साझा की।
आईसीएआई आगरा शाखा के अध्यक्ष सीए गौरव सिंघल ने बताया कि पेशेवर जीवन में अनुशासन और सटीकता के लिए पहचाने जाने वाले सीए जब मैदान में उतरेंगे, तो दर्शकों को चौकों-छक्कों की भरपूर सौगात मिलेगी। टूर्नामेंट में 18 से 21 दिसंबर तक सात राज्यों की 24 टीमें भाग लेंगी। पहले तीन दिनों में प्रतिदिन लगभग 12 लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि अंतिम दिन दो क्वार्टर फाइनल, दो सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित होगा।
शाखा सचिव सीए अंकित मित्तल ने बताया कि सभी टीमें 17 दिसंबर को फतेहाबाद रोड स्थित क्लार्क्स शिराज होटल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट के कुल 41 मैच आगरा के छह मैदानों- अवंतीबाई ग्राउंड, सूरजभान मैदान रोहता, ड्रीम क्रिकेट अकादमी, जेबी ग्राउंड, सेंट जॉन्स मैदान और कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रत्येक मैदान पर लगभग सात मुकाबले होंगे। सभी मैच 20 ओवर के होंगे और सीजन बॉल से खेले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कैप्टन अनेक सिंह स्टेडियम में डे-नाइट स्वरूप में खेला जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना, कोषाध्यक्ष सीए करन पंजवानी, सिकासा अध्यक्ष आयुष गोयल सहित सचिन बुबना, साक्षी जैन, विपुल बंसल, कनैह्या गुप्ता, अंकित अग्रवाल, आशीष जैन, जितेंद्र पोपटानी, विकास जैन, सौरभ शुक्ला, रजत गोयल, शैशव शर्मा समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।