तहव्वुर राणा को आगरा लाकर की जा सकती है पूछताछ

आगरा। मुंबई हमले का मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को आगरा भी लाया जा सकता है। आगरा के साथ ही उसे हापुड़ वाले एक लोकेशन के बारे में भी पूछताछ के लिए ले जाया जा सकता है। बताया जाता है कि तहव्वुर राणा अपनी पत्नी के साथ आकर आगरा के बालूगंज इलाके में ठहरा था और ताजमहल तथा अन्य लोकेशन की रेकी की थी।

Apr 12, 2025 - 11:53
 0
तहव्वुर राणा को आगरा लाकर की जा सकती है पूछताछ


एनआईए के दस्तावेजों और सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि तहव्वुर राणा को आगरा लाया जा सकता है। मुंबई हमले से ठीक पहले 13 नवंबर, 2008 से 21 नवंबर, 2008 के बीच तहव्वुर राणा ने भारत का दौरा किया था। जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि हापुड़ और आगरा में जिस महिला को उसने पत्नी बताया था क्या वो महिला वास्तव में उसकी पत्नी थी या कोई अन्य थी। 

आगरा के जिस होटल में वह ठहरा था, वह एक बजट होटल था। जहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे। विदेशी मेहमानों के आने के लिए जमा होने वाले सी फॉर्म भी मैन्युअल भरे जाते थे। पाक मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा की मुंबई हमले के मास्टरमाइंड डेविड कोलमैन हेडली से दोस्ती थी। हालांकि कहा जाता है कि उसके भारत दौरे पर उसके साथ उसकी पत्नी समराज अख्तर राणा साथ थी। वह दिल्ली,  कोच्चि अहमदाबाद और मुंबई भी गया था। मुंबई हमले के बाद एनआईए की जांच में तहव्वुर राणा का नाम सामने आया।

तहव्वुर राणा आगरा में दो दिन के लिए रुका था। इस जानकारी से सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए। सुरक्षा एजेंसियों ने एलआईयू को प्रत्येक विदेशी के रिकॉर्ड खंगालने के लिए कहा था।  एलआईयू बस इतनी जानकारी जुटा पाई थी कि वह बालूगंज के एक बजट होटल में 2 दिन के लिए ठहरा था। वह गैर कानूनी तरीके से आगरा में घुसा था। इस वजह से उसकी जानकारी भी ट्रेस नहीं हो सकी थी। विदेशी नागरिकों का भरे जाने वाला सी फॉर्म भी किसी गलत नाम से भरा होगा। इसलिए उसकी कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी। हमले के बाद जांच एजेंसियों ने इतना पता लगा लिया था कि वह अपनी पत्नी के साथ आगरा आया था।