क्रिसमस की रोशनी से जगमगाई ताजनगरी, गिरिजाघरों में प्रभु यीशु के जन्म की भव्य तैयारियां
आगरा। देशभर के साथ ताजनगरी आगरा में भी क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया है। शहर के प्रमुख गिरिजाघरों में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चर्च परिसरों को आकर्षक बनाने के लिए सजावट का कार्य अंतिम चरण में है और जैसे-जैसे शाम ढलती है, रंग-बिरंगी रोशनी से चर्चों की भव्यता देखते ही बनती है।
रंग-बिरंगी लाइटिंग और क्रिसमस ट्री से बदला चर्चों का रूप, आज रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म पर विशेष प्रार्थना सभाएं
आगरा। देशभर के साथ ताजनगरी आगरा में भी क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया है। शहर के प्रमुख गिरिजाघरों में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चर्च परिसरों को आकर्षक बनाने के लिए सजावट का कार्य अंतिम चरण में है और जैसे-जैसे शाम ढलती है, रंग-बिरंगी रोशनी से चर्चों की भव्यता देखते ही बनती है।
जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आ रहा है, शहर के चर्चों में रौनक बढ़ती जा रही है। आज रात ठीक 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म के पावन अवसर पर आगरा के सभी गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं (मिडनाइट मास) आयोजित की जाएंगी। इस दौरान श्रद्धालु मोमबत्तियां जलाकर शांति, प्रेम और भाईचारे की कामना करेंगे।
आगरा के सेंट पीटर्स चर्च, सेंट पॉल चर्च, सेंट मैरी चर्च सहित अन्य सभी गिरिजाघरों में भीतर और बाहर आकर्षक लाइटिंग की गई है। प्रवेश द्वार, मुख्य हॉल और प्रार्थना स्थलों को विशेष सजावटी सामग्री से सजाया गया है। प्रभु यीशु के जीवन, प्रेम, शांति और मानवता के संदेशों को दर्शाने वाले चित्र और संदेश चर्चों में लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालु क्रिसमस के महत्व को आत्मसात कर सकें।
चर्च परिसरों में क्रिसमस ट्री को रंग-बिरंगी लाइटों, सितारों और सजावटी वस्तुओं से सजाया गया है। बच्चों के आकर्षण के लिए सांता क्लॉज की आकृतियां भी स्थापित की गई हैं, जो पूरे वातावरण को और भी आनंदमय बना रही हैं। इसके साथ ही चर्च प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
क्रिसमस के इस पावन पर्व पर ताजनगरी के चर्च न केवल आस्था का केंद्र बने हैं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विविधता और सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी पेश कर रहे हैं।