ताज महोत्सव 2026 का आगाज, बारिश के बीच सजी रौनक, 10 दिन कला-संगीत का जश्न
ताज महोत्सव-2026 का शुभारंभ आगरा में हुआ। इस बार आयोजन नए 4 एकड़ मैदान में हो रहा है, जहां 500 स्टॉल और 10 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। बारिश के बावजूद उद्घाटन समारोह सम्पन्न हुआ। सूफी, बॉलीवुड, पंजाबी और कॉमेडी नाइट्स के साथ शहर और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों पर भी कार्यक्रम होंगे।
केन्द्रीय राज्य मंत्री व महिला आयोग अध्यक्ष ने किया उद्घाटन, नए स्थल पर सजा 4 एकड़ का रंगीन संसार
आगरा। शहर की पहचान बन चुका ताज महोत्सव-2026 आज से शुरू हो गया। पर्यटन, संस्कृति और व्यंजनों के इस भव्य उत्सव का उद्घाटन फीता काटकर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान , मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने किया।
हालांकि उद्घाटन के समय हुई बारिश ने शुरुआती रौनक पर थोड़ा असर डाला और कई पर्यटक बारिश से बचते नजर आए, लेकिन उत्सव का उत्साह कम नहीं हुआ। आज से 27 फरवरी तक आगरा संगीत, शिल्प और स्वाद के रंग में रंगा रहेगा।
बदला ठिकाना, बढ़ी भव्यता
इस बार महोत्सव पारंपरिक शिल्पग्राम की जगह फतेहाबाद रोड स्थित ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट के पास करीब 4 एकड़ में तैयार नए मैदान में आयोजित हो रहा है। मुख्य मंच, ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, फ्लावर शो और ओडीओपी प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। आधुनिक लाइटिंग और आकर्षक सजावट से परिसर को फेस्टिव लुक दिया गया है।
500 स्टॉल्स में सजेगा हुनर और स्वाद
18 से 27 फरवरी तक चलने वाले इस 10 दिवसीय आयोजन में लगभग 500 स्टॉल लगाए गए हैं। यूपी हैंडीक्राफ्ट, ओडीओपी उत्पाद, कार्पेट और पॉटरी, आगरा मंडल के विशेष उत्पाद, विविध व्यंजन स्टॉल, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित और बेचने का बड़ा मंच मिला है।
सुरों की महफिल: हर रात अलग अंदाज़
महोत्सव की शामें संगीत और मनोरंजन से लोगों को आनंदित करेंगी। 20 फरवरी को सूफी संध्या में अली ब्रदर्स, 21 फरवरी को Indian Ocean बैंड की प्रस्तुति, 22 फरवरी को नीरज श्रीधर की बॉलीवुड नाइट, 23 फरवरी को परमिश वर्मा की पंजाबी नाइट, 24 फरवरी को माधवास बैंड की भक्ति संध्या, 25 फरवरी: मधुबंती बागची की प्रस्तुति, 26 फरवरी को कृष्णा अभिषेक की कॉमेडी नाइट, 27 फरवरी को सचिन-जिगर की समापन प्रस्तुति होगी।
शहर से बाहर भी गूंजेगा उत्सव
19 फरवरी- कवि सम्मेलन और मुशायरा
21 फरवरी: फतेहपुर सीकरी में निजामी बंधु (युवा) की कव्वाली नाइट
23 फरवरी: बटेश्वर में मिश्रा बंधु की भजन संध्या
इस तरह महोत्सव का दायरा शहर से बाहर ऐतिहासिक स्थलों तक विस्तारित किया गया है।
बेहतर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का दावा
प्रशासन का कहना है कि इस बार सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। आधुनिक लाइटिंग, सुव्यवस्थित सेक्शन और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। बारिश ने भले ही उद्घाटन की चमक थोड़ी कम की हो, लेकिन आने वाले दिनों में ताज महोत्सव शहर की फिज़ा को पूरी तरह उत्सवमय बना देगा।