आगरा में नववर्ष पर्यटन सीजन में ताज नेचर वॉक बना पर्यटकों की पहली पसंद

आगरा। नववर्ष पर्यटन सीजन के दौरान ताज नेचर वॉक, आगरा में पर्यटकों की जबरदस्त आमद दर्ज की गई है। 25 दिसंबर से 4 जनवरी के बीच ताज नेचर वॉक में 3,955 से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया, जिससे यह स्थल प्रकृति प्रेमियों, परिवारों, बच्चों और विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा।

Jan 4, 2026 - 20:43
 0
आगरा में नववर्ष पर्यटन सीजन में ताज नेचर वॉक बना पर्यटकों की पहली पसंद
ताज नेचर वॉक

10 दिनों में लगभग 4 हजार सैलानी, 1 जनवरी को उमड़ा रिकॉर्ड सैलाब

आगरा। नववर्ष पर्यटन सीजन के दौरान ताज नेचर वॉक, आगरा में पर्यटकों की जबरदस्त आमद दर्ज की गई है। 25 दिसंबर से 4 जनवरी के बीच ताज नेचर वॉक में 3,955 से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया, जिससे यह स्थल प्रकृति प्रेमियों, परिवारों, बच्चों और विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा।

इस अवधि में ताज नेचर वॉक घूमने वालों में 105 विदेशी पर्यटक, 3,611 वयस्क, 239 बच्चे शामिल रहे। विशेष रूप से 1 जनवरी को पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली, जब 1,407 सैलानियों ने ताज नेचर वॉक का भ्रमण किया। यह आंकड़ा इस नववर्ष पर्यटन सीजन का सर्वाधिक रहा।

टिकट बिक्री से ₹2 लाख से अधिक का राजस्व

पर्यटकों की भारी संख्या का सीधा असर राजस्व पर भी पड़ा। प्रवेश टिकटों की बिक्री के माध्यम से ₹2 लाख से अधिक का राजस्व अर्जित किया गया। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि पर्यावरणीय पर्यटन (Eco-Tourism) और प्रकृति आधारित स्थलों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

शैक्षणिक भ्रमण से जुड़े विद्यार्थी

नववर्ष अवधि के दौरान ताज नेचर वॉक में कई विद्यालयों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से केन्द्रीय विद्यालय संख्या-2, आगरा, लोपामुद्रा स्कूल, आगरा, आरकेजीवीपी इंटर स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे। इन भ्रमणों का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति आधारित अध्ययन, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय जागरूकता से जोड़ना रहा।

डीएफओ ने जनभागीदारी पर दिया जोर

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आगरा, राजेश कुमार ने आगरा के पर्यावरण प्रेमियों, प्रकृति संरक्षण से जुड़े नागरिकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण संभव है। साथ ही आशा जताई कि भविष्य में भी नागरिक ताज नेचर वॉक और अन्य हरित स्थलों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

हरियाली, जैव विविधता और यमुना का नैसर्गिक सौंदर्य

ताज नेचर वॉक की घनी हरियाली, समृद्ध जैव विविधता, यमुना नदी का प्राकृतिक दृश्य
और शांत, प्रदूषण मुक्त वातावरण पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने रहे। नववर्ष अवसर पर बढ़ी पर्यटक गतिविधियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि ताज नेचर वॉक अब केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।