शिक्षकों की सेवा शर्तों से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, शैक्षिक महासंघ का  27 को धरना, 12 दिसंबर को जिला सम्मेलन

आगरा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक संवर्ग की जिला कार्यकारिणी द्वारा महासंघ के बैनर तले 12 दिसम्बर को जिला सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। साथ ही महासंघ शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु 27 नवम्बर को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर  धरना देगा।

Nov 18, 2024 - 12:27
 0
शिक्षकों की सेवा शर्तों से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं,  शैक्षिक महासंघ का  27 को धरना, 12 दिसंबर को जिला सम्मेलन
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ज़िला कार्यकारिणी बैठक में मौजूद शिक्षक।

महासंघ की जिला कार्यकारिणी की नागरी प्रचारिणी सभा पर सम्पन्न बैठक में यह निर्णय लिया गया। जिला सम्मेलन तथा धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गये। 

जिला सम्मेलन का जिला प्रभारी गिरीश त्यागी को संयोजक बनाया गया है, साथ ही धरना कार्यक्रम के लिए जिला संघर्ष समिति के संयोजक मनोज कुमार होंगे। बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों को सम्बोधित प्रदेश समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने कहा कि वर्तमान में शिक्षकों के समक्ष अनेक गम्भीर चुनौतियां हैं।

नवगठित उप्र शिक्षा सेवा आयोग की नियमावली में शिक्षकों की सुरक्षा से सम्बन्धित निष्प्रभावी माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की धारा 12, 18 एवं 21 को सम्मिलित न करके शिक्षकों की सेवा शर्तों में कटौती की गयी है। फलस्वरूप शिक्षक समुदाय में भारी रोष है। वे अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिक्षक समुदाय सेवा-शर्तों में छेड़छाड को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। बैठक में निष्क्रिय पदाधिकारियों को उनके पद से पदच्युत करने भी विचार किया गया। साथ ही संगठन की सदस्यता बढ़ाने तथा संगठन को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में वरिष्ठ शिक्षक नेता डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष डॉ. रचना शर्मा, संघर्ष समिति के जिला संयोजक मनोज कुमार, जिला प्रभारी गिरीश त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष हरीओम अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष (महिला) ब्रजेश चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राघवेन्द्र सिंह, जिला प्रवक्ता श्याम सिंह, जिला कॉर्डिनेटर  डॉ. केपी सिंह, ऑडीटर महाराम गौतम, सुश्री सुचिता सिन्हा आदि ने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. योगेन्द्र सिंह ने की तथा संचालन जिला महामंत्री डॉ. दुष्यन्त कुमार सिंह ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor