ड्रग्स बरामदगी के बाद तौकीर रजा के बेटे की थाने से जमानत, तिलहर हाईवे हादसे ने खोला पूरा मामला

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली उपद्रव के मुख्य आरोपी इत्तिहादे-ए-मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के बेटे फरमान रजा खां को बुधवार को शाहजहांपुर जनपद के थाना तिलहर से जमानत पर रिहा कर दिया गया। फरमान रजा को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया था।

Jan 7, 2026 - 19:03
Jan 7, 2026 - 19:04
 0
ड्रग्स बरामदगी के बाद तौकीर रजा के बेटे की थाने से जमानत, तिलहर हाईवे हादसे ने खोला पूरा मामला
पुलिस हिरासत में मौलाना तौकीर रजा का बेटा। फाइल फोटो।

यह जानकारी बरेली परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय साहनी ने बुधवार को मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात बरेली-लखनऊ हाईवे पर तिलहर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार युवक को बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

पूछताछ के दौरान युवक की पहचान फरमान रजा खां के रूप में हुई, जो मौलाना तौकीर रजा का बेटा है। पुलिस जब कार की डिक्की की तलाशी लेने लगी तो युवक ने काफी टालमटोल की। सख्ती के बाद डिक्की खोली गई, जिसमें रखे बैग से ‘क्रिस्टल ड्रग्स’ बरामद हुई।

डीआईजी अजय साहनी के अनुसार फरमान रजा ने पूछताछ में बताया कि वह आला हजरत परिवार से है और यह ड्रग्स उसने दिल्ली से अपने निजी इस्तेमाल के लिए खरीदी थी। उसके पास से आधा ग्राम क्रिस्टल ड्रग्स बरामद हुई, जबकि आधा ग्राम वह पहले ही इस्तेमाल कर चुका था।

पुलिस ने थाना तिलहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। चूंकि जिस धारा में गिरफ्तारी हुई है, उसमें सजा एक वर्ष से कम है, इसलिए फरमान रजा को थाने से ही जमानत दे दी गई। पुलिस ने बरामद ड्रग्स को जांच के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए उपद्रव के मामले में फरमान के पिता मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं। मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में उपद्रव से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 11 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।

हालांकि, फरमान रजा का नाम अब तक किसी भी उपद्रव के मुकदमे में शामिल नहीं रहा है। जानकारी के अनुसार फरमान रजा ने ऑस्ट्रेलिया से एमबीए की पढ़ाई की है और कुछ माह पूर्व ही भारत लौटा है। थाने से जमानत मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, जबकि घटना के बाद से परिवार तनाव में था।

SP_Singh AURGURU Editor