पीलीभीत में सिख छात्रा के धर्मांतरण और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

-रमेश कुमार सिंह- पीलीभीत। पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में अपनी पूर्व छात्रा के धर्मांतरण और उसे बंधक बनाकर यौन शोषण करने का आरोपी निजी स्कूल का भौतिक शास्त्र विषय के पूर्व शिक्षक दिलनवाज को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Dec 24, 2025 - 22:14
 0
पीलीभीत में सिख छात्रा के धर्मांतरण और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
अपनी पूर्व छात्रा का धर्मांतरण कर दुष्कर्म करने का आरोपी शिक्षक दिलनवाज।

पुलिस अधीक्षक पीलीभीत अभिषेक यादव ने मीडिया को बताया कि छात्रा को ले जाने के आरोपित शिक्षक दिलनवाज के विरुद्ध पीड़िता के शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

पूरनपुर के सीओ प्रतीक दहिया के अनुसार माधोटांडा थाना पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, यौन शोषण और बंधक बनाने से संबंधित धाराओ में मुकदमा पंजीकृत किया हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मामले की गहनता से जांच की जा सके। वह किस गैंग के साथ काम कर रहा था और उसको फंडिंग कहां से हो रही थी, इन तथ्यों पर भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिलनवाज सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के रायबिचपुरी गांव का निवासी है और दो बेटियों का पिता है। वह वर्ष 2020 तक पूरनपुर के एक स्कूल में शिक्षक था। आरोप है कि इसी दौरान उसने कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा को अपने प्रभाव में लिया।

पुलिस जांच के अनुसार छात्रा जब 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद ब्यूटी पार्लर का कोर्स करने बरेली चली गई तो आरोपी ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोपी ने युवती का इस हद तक मानसिक उत्पीड़न किया कि वह नमाज पढ़ने लगी और अपने धर्म के प्रति संदेह व्यक्त करने लगी।

युवती 16 दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसके बाद 18 दिसंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। आरोप है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर पूरनपुर के एक सुनसान कमरे में ले गया, जहां उसे चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। बंधक बनाए जाने के दौरान युवती को केवल नमकीन और बिस्किट खाने को दिए गए।

आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कमरे में बंद रखकर युवती पर जबरन धार्मिक गतिविधियां अपनाने का दबाव भी बनाया। आरोपी दिन के समय स्कूल जाता था और शाम को अपने परिवार से मिलने के बाद रात में युवती के पास पहुंचता था।

माधोटांडा थाना इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि जब पुलिस ने युवती का काल डिटेल चेक की तो पता चला कि सबसे ज्यादा आरोपित शिक्षक दिलनवाज से बात होने की बात सामने आई। शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ में युवती का पता चला। पुलिस पूरनपुर में ब्लाक के पास एक कमरे से युवती को बरामद कर शिक्षक सहित दोनों को थाना लेकर पहुंची। युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor