शिक्षक ही समाज की दिशा–दशा बदलते हैं: एक गूंज के स्थापना दिवस पर 11 राज्यों की 151 विभूतियों का सम्मान

बरेली। समाज सेवा, शिक्षा और मानवीय मूल्यों को समर्पित एक गूंज सेवा समिति, उत्तर प्रदेश के छठे स्थापना दिवस समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि संगठित सामाजिक प्रयास ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बरेली में आयोजित इस भव्य समारोह में देश के 11 राज्यों से आए शिक्षकों, समाजसेवियों, चिकित्सकों और खिलाड़ियों सहित 151 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में सामाजिक चेतना, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रहित के विचारों की गूंज दूर तक सुनाई दी।

Jan 11, 2026 - 23:20
Jan 11, 2026 - 23:21
 0
शिक्षक ही समाज की दिशा–दशा बदलते हैं: एक गूंज के स्थापना दिवस पर 11 राज्यों की 151 विभूतियों का सम्मान
बरेली में एक गूंज संस्था के स्थापना दिवस पर सम्मान समारोह की एक झलक।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि एक गूंज केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में समाज सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षक ही समाज की सही दिशा और दशा बदलते हैं और समाज को ऊंचाइयों तक ले जाने का सामर्थ्य रखते हैं। डॉ. अरुण ने कहा कि शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत अन्य संस्थाओं को एक गूंज से प्रेरणा लेनी चाहिए।

एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर और निष्ठापूर्वक किया गया सामाजिक कार्य ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाता है। शिक्षकों द्वारा समाज का निर्माण होता है और ऐसे सम्मान समारोह समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने संस्था को इस सतत प्रयास के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद, लखनऊ महेंद्र देव ने कहा कि विभिन्न राज्यों से शिक्षकों का बरेली आकर सम्मानित होना उनके लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एक गूंज द्वारा समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है।

समारोह में प्रो. रामबाबू सिंह ने कहा कि संस्था का विस्तार अब केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश में इसकी पहचान बन चुकी है। यह संस्था शिक्षा और समाज के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर कार्य करती रहे, यही अपेक्षा है।

संस्था के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर) ने अपने संबोधन में बताया कि छठे स्थापना दिवस पर 11 राज्यों के 151 लोगों को सम्मानित किया जाना एक गूंज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने संस्था की छह वर्षों की सामाजिक यात्रा को रेखांकित करते हुए बताया कि झुग्गी-झोपड़ियों में वस्त्र वितरण, एक गूंज बुक बैंक, स्वास्थ्य शिविर, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सहयोग, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, वृक्षारोपण, निशुल्क कंप्यूटर एवं सिलाई प्रशिक्षण, तथा जागरूकता अभियानों के माध्यम से संस्था निरंतर समाज सेवा में सक्रिय है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक वर्ष जगपाल सिंह चौहान स्मृति राष्ट्र गौरव पारस रत्न शिक्षक सम्मान के माध्यम से शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्थापना दिवस समारोह में प्रमुख रूप से पल्लवी शर्मा (उत्तर प्रदेश), महेश त्रिवेदी (मध्य प्रदेश), नयन वहन गांधी (गुजरात), बलदाऊ सिंह श्याम (छत्तीसगढ़), बृजेश चौधरी (दिल्ली), कमल लोहनी (उत्तराखंड), डॉ. देवी शरण राठौर (हिमाचल प्रदेश), सुषमा कुमारी (जम्मू), मो. नुरुल होदा (बिहार), दिनेश कुमार सैनी (राजस्थान), गुरजीत कौर (हरियाणा) सहित देशभर से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह ने यह संदेश दिया कि सामाजिक समर्पण और शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है।

SP_Singh AURGURU Editor