आगरा में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शिक्षकों का हुआ गौरवगान, सैकड़ों गुरुजनों को मिला सम्मान
आगरा। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आगरा में अलग-अलग संस्थाओं और संगठनों ने शिक्षकों का सम्मान कर उनके अमूल्य योगदान को नमन किया। सूरसदन, आगरा क्लब और रोटरी क्लब डिवाइन में आयोजित भव्य समारोहों में सैकड़ों शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिह्न देकर अभिनंदित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और उनके मार्गदर्शन से ही देश का भविष्य तय होता है।
सूरसदन में 800 शिक्षकों का हुआ सम्मान
सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षकोत्सव कार्यक्रम में 800 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इस, मौके पर निपुण चैट वोट ऐप का शुभारंभ किया। यह ऐप शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी विधियों, एनिमेटेड वीडियो और ई-कंटेंट की सुविधा प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक भविष्य के ब्यूरोक्रेट, वैज्ञानिक, खिलाड़ी और राजनेता गढ़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण में आदर्श व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कल शिक्षक दिवस है। भारतीय संस्कृति में गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वरः कहा गया है। गुरु और शिक्षक को ईश्वर तुल्य बताया है। देश के राष्ट्रपति रहे डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह हमारे गुरुओं को समर्पित है, जिन्होंने हमें शिक्षा दी और जीवन में मार्गदर्शन दिया है। अपने शिक्षकों को हम सभी जिंदगीभर याद रखते हैं।
सीडीओ प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिक्षक जीवन को सही दिशा देते हैं और अनुशासन व चरित्र निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड, नगर शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार और सभी बीईओ मौजूद रहे।
आगरा क्लब में 14 महिला शिक्षिकाओं का सम्मान
आशियाना महिला समिति और रौशनी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आगरा क्लब में महिला शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ज्ञान व कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली 14 महिला शिक्षिकाओं को शिक्षक सम्मान-2025 से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सरोज प्रशांत ने की और कहा कि शिक्षक जीवन को नई दिशा देते हैं तथा समाज से बुराइयों को मिटाने में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है।
कार्यक्रम में डॉ. माया श्रीवास्तव ने विकलांग पुनर्वा संगठन को 51,000 रुपये की सहयोग राशि दान की, वहीं नलिनी दौनेरिया ने जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सुरत मूर्ति और पवित्रा कपूर ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि शारदा गुप्ता ने काव्य पाठ किया।
इस अवसर पर माया मित्तल, मंजू मित्तल, रश्मि रायज़ादा, सरोज भार्गव, साधना सिंह, डॉ. कंचन माहेश्वरी, डॉ. शैलजा सिंह सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
रोटरी क्लब डिवाइन ने 11 शिक्षकों को दिया सम्मान
रोटरी क्लब ऑफ आगरा डिवाइन द्वारा खंदारी स्थित ओम मेडिकल कॉम्प्लेक्स में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवार्ड प्रदान किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. संतोष बिहारी शर्मा और विशिष्ट अतिथि प्रो. पायल गर्ग ने शिक्षकों की भूमिका को सराहा।
सम्मानित शिक्षकों में उपेंद्र सिंह, शुभा कुलश्रेष्ठ, नरेंद्र कौर, प्रतिभा कुलश्रेष्ठ, सैयद महमूद उज्जया, गुंजन राठौर, लीना बैंडिल, प्रगति जैन, मोनिका कुशवाह, दीर्घा सिंह और हनी कुमारी शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. मुकेश चौहान, प्रदीप शर्मा, डॉ. अमोद शंकर, दीपा रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।