दुबई एयर शो में तेजस क्रैश: भारतीय पायलट शहीद, पहली बार अंतरराष्ट्रीय डिस्प्ले में बड़ी त्रासदी
दुबई एयर शो 2025 में भारत का हल्का लड़ाकू विमान तेजस शुक्रवार दोपहर डेमो फ्लाइट के दौरान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें भारतीय वायुसेना के पायलट की दर्दनाक मौत हो गई। 2001 में तेजस की पहली उड़ान के बाद यह पहला ऐसा हादसा है जिसमें विमान के साथ उसके पायलट की भी जान गई। यूएई के रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायुसेना दोनों ने घटना की पुष्टि की है।
दुबई। अंतरराष्ट्रीय एविएशन जगत के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल दुबई एयर शो 2025 में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना का स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान तेजस, जिसने डेमो फ्लाइट के लिए उड़ान भरी थी, कुछ ही क्षणों बाद एयरपोर्ट के पास घनी झाड़ियों में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अल मकतूम एयरपोर्ट पर यह दुर्घटना भारतीय समयानुसार अपराह्न में हुई। तेजस के जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई। इसके बाद धुएं का गुबार उठते देखा गया।
भारतीय वायुसेना द्वारा हादसे की पुष्टि करते हुए बताया गया कि विमान उड़ाने वाले पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। उनका नाम और रैंक अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने भी बयान जारी कर बताया कि दुर्घटना “फ्रेंड डिस्प्ले” सेशन के दौरान हुई। आपातकालीन दल, दमकल विभाग और सुरक्षा स्टाफ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हादसे के बाद पूरे एयर शो क्षेत्र को कुछ समय के लिए खाली करा दिया गया।
पहले भी हुई है टेक्निकल फेल्योर की घटना
साल 2024 में राजस्थान के पोखरण रेंज में तेजस का एक और विमान तकनीकी खराबी इंजन फॉल्ट–19 के कारण क्रैश हुआ था। तब पायलट सुरक्षित बाहर निकल आया था, लेकिन इस बार हादसा घातक साबित हुआ और यह घटना तेजस कार्यक्रम के इतिहास में सबसे दुखद दुर्घटना के रूप में दर्ज हो गई।
तेजस ने मार्च 2025 में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय कॉम्बैट डिस्प्ले में हिस्सा लिया था, जिसके बाद इसे विश्व मंच पर काफी सराहना मिली थी।
दुबई एयर शो में इसकी उपस्थिति भारत की रक्षा–क्षमता और निर्यात योजनाओं का प्रतीक मानी जा रही थी।
सोशल मीडिया पर आए कई वीडियो में दिखा कि विमान अचानक तेजी से नीचे आया और गिरते ही उसमें तेज धमाका हुआ। इसके बाद सुरक्षा कारणों से पूरी डिस्प्ले लाइन व विमानों के आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया। एयर शो प्रबंधन ने अगली प्रदर्शनी फ्लाइटों को अस्थायी रूप से रोक दिया है।