तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार, विपक्ष ने पूछा- एनडीए का चेहरा कौन?

पटना। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव को बिहार में मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश किया। साथ ही महागठबंधन ने घोषणा की है कि बिहार में उसकी सरकार बनने पर एक से ज़्यादा उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें से एक डिप्टी सीएम विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी होंगे।

Oct 23, 2025 - 22:38
 0
तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार, विपक्ष ने पूछा- एनडीए का चेहरा कौन?


गहलोत ने कहा, "तेजस्वी एक नौजवान हैं, इनका लंबा फ्यूचर है। जिनका लंबा फ्यूचर होता है जनता उसका साथ देती है। ये नौजवान हैं और कमिटमेंट रखते हैं। पिछली बार इन्होंने जो नौकरी के स्लोगन दिए थे, जो वादे किए थे उसमें खरे उतरे।"

वहीं बिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आरजेडी का मतलब है-रंगदारी, जंगलराज, दादागिरी। उन्होंने कहा, ''जो लोग नौकरी के लिए जमीन तक ले लेते हैं, वो क्या आपको नौकरी देंगे।''

गहलोत की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आरजेडी के तेजस्वी यादव, मनोज झा, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

गहलोत बुधवार को पटना पहुंचे थे और माना जाता है कि उन्होंने महागठबंधन से जुड़े कई मुद्दों पर सहयोगी दलों के बीच सहमति बनाने में अहम भूमिका निभाई। अशोक गहलोत ने कहा है कि पूरा देश बिहार की तरफ देख रहा है और बिहार बदलाव चाहता है।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जी और इन्होंने (तेजस्वी) ने मिलकर जो यात्रा की थी उसका बहुत असर हुआ है। आने वाले वक़्त में राहुल जी भी आएंगे और प्रियंका जी भी बिहार आएंगी।" उन्होंने कहा, "हम एनडीए से पूछना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री का आपका अगला चेहरा कौन है? यह हमारी मांग है क्योंकि महाराष्ट्र में कहा गया कि शिंदे के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाएगा और बाद में किसी और को मुख्यमंत्री बना दिया, यही बात यहां लागू हो रही है।"

तेजस्वी यादव ने कहा कि वो मुख्यमंत्री बनने या सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि बिहार को बदलने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारी तो ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हो गई लेकिन हम लोग नीतीश कुमार के साथ जो एनडीए में अन्याय हो रहा है, वो देख रहे हैं।"

"एनडीए की एक भी ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई है, न ही संयुक्त रूप से उन्हें मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। हम कह रहे हैं कि वो नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे, अमित शाह ने तो ये संदेश भी दे दिया है। हमेशा आप सीएम का चेहरा घोषित करते हैं लेकिन इस बार आप घोषणा क्यों नहीं कर रहे।"