टेलीग्राम टास्क का जाल, आगरा में ऑनलाइन कमाई के नाम पर 36 लाख की बड़ी साइबर ठगी
आगरा। आगरा में ऑनलाइन कमाई के नाम पर साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 36 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगी की यह पूरी साजिश टेलीग्राम ऐप के जरिए रची गई, जहां पहले छोटे-छोटे टास्क और प्रोडक्ट रिव्यू के बदले मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता गया, फिर धीरे-धीरे लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।
प्रोडक्ट रिव्यू और टास्क पूरा करने का लालच, महिला से 12 लाख और युवक से 24 लाख उड़ाए, साइबर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, ठगों की तलाश तेज
आगरा। आगरा में ऑनलाइन कमाई के नाम पर साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 36 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगी की यह पूरी साजिश टेलीग्राम ऐप के जरिए रची गई, जहां पहले छोटे-छोटे टास्क और प्रोडक्ट रिव्यू के बदले मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता गया, फिर धीरे-धीरे लाखों रुपये ऐंठ लिए गए।
पहला मामला आवास विकास सेक्टर-12 की निवासी एक महिला से जुड़ा है। महिला को टेलीग्राम पर प्रोडक्ट रिव्यू और ऑनलाइन टास्क के जरिए कमाई का ऑफर दिया गया। शुरुआत में कुछ रकम वापस देकर भरोसा दिलाया गया, लेकिन जैसे ही महिला ने मुनाफा निकालने की कोशिश की, ठगों ने अलग-अलग बहानों से बार-बार पैसे जमा कराने को कहा। इस तरह महिला से करीब 12 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
दूसरा मामला आगरा के बाह क्षेत्र के एक युवक का है। युवक को भी टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने के नाम पर ऑनलाइन कमाई का झांसा दिया गया। शुरू में मामूली रकम मिलने के बाद युवक ने ज्यादा निवेश किया, लेकिन बाद में टास्क और मुनाफा निकालने के नाम पर ठगों ने उससे कुल 24 लाख रुपये ठग लिए।
दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना, आगरा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि ठग अंतरराज्यीय या विदेशी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। टेलीग्राम अकाउंट, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील
साइबर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स पर आने वाले ऑनलाइन कमाई, रिव्यू या टास्क के किसी भी लालच में न आएं। बिना सत्यापन किसी भी प्लेटफॉर्म पर पैसे निवेश न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।