ताजमहल का दीदार कराने को बुद्धा पार्क में लगेगी दूरबीन, सौंदर्यीकरण के लिए पंचशील फ्लैग और बोधिवृक्ष लगाने का प्रस्ताव; भारतीय जाटव समाज ने नगर निगम के सामने रखे कई अहम सुझाव
आगरा। कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क को भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, अहिंसा और समानता के संदेश के साथ पर्यटन के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई है। पार्क में ताजमहल का विहंगम दृश्य दिखाने के लिए उच्च क्षमता की दूरबीन लगाने, पंचशील फ्लैग स्थापित करने, बोधिवृक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने और पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने जैसे प्रस्ताव रखे गए हैं।
गुरुवार को भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों के साथ हुई बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयसीमा, रखरखाव और सौंदर्यीकरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
निर्माण कार्य समयसीमा में पूरा कराने पर जोर
निरीक्षण के बाद सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्क के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और वित्तीय वर्ष के भीतर परियोजना का हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में तय किया गया कि स्वीकृत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुसार दिसंबर तक प्रस्तावित कार्यों और अब तक हुई प्रगति का तुलनात्मक विवरण तैयार कर नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जा सके।
टूटे गेट, बाउंड्रीवाल और टाइल्स की मरम्मत के निर्देश
स्थलीय निरीक्षण के दौरान पार्क के पश्चिमी गेट की क्षतिग्रस्त स्थिति सामने आई। इस पर गेट और बाउंड्रीवाल की तत्काल मरम्मत कराने के साथ पार्क परिसर में उगी अनावश्यक झाड़ियों की कटाई-छंटाई, साफ-सफाई और टूटी टाइल्स को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। भगवान बुद्ध के सांची द्वार पर लगे पत्थरों को भी तकनीकी मानकों के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से स्थापित कराने पर जोर दिया गया।
दूरबीन से दिखेगा ताजमहल, जलभराव से मिलेगी निजात
भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि पार्क में उपयुक्त स्थान पर उच्च क्षमता की दूरबीन स्थापित की जाए, जिससे यहां आने वाले नागरिक और पर्यटक ताजमहल का नजारा देख सकें। इसके साथ ही वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराने तथा जलभराव वाले स्थानों पर मिट्टी का भराव कराने की मांग रखी गई।
बोधिवृक्ष और पंचशील फ्लैग से सजेगा पार्क
पार्क के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए साल, सागौन, नीम और बोधिवृक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने का प्रस्ताव रखा गया। भगवान बुद्ध के शांति, अहिंसा, समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्क परिसर में पंचशील फ्लैग लगाने का सुझाव भी दिया गया। इसके अलावा भारतीय जाटव समाज के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से पार्क में स्मृति शिलापट्ट स्थापित कराने और उस पर संस्था का नाम अंकित कराने की मांग की गई।
भगवान बुद्ध के विचारों का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगा पार्क
भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि बुद्धा पार्क केवल आगरा ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में भगवान तथागत बुद्ध के विचारों, शांति, करुणा और समानता के संदेश को प्रसारित करने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए और यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक एवं पर्यटक को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए भारतीय जाटव समाज निरंतर सहयोग और प्रयास करता रहेगा।
बैठक में नगर निगम के सहायक अभियंता निर्माण जीवेक, हरिओम सिंह, एसएफएआई सुरेश यादव, भारतीय जाटव समाज के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त सहायक अधीक्षण उद्यानविद् आर.आर.पी. सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नगर निगम अधिकारियों और संस्था के प्रतिनिधियों ने सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए बुद्धा पार्क के निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने पर सहमति जताई।