मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए मस्जिदों के पास बनें अस्थायी केंद्र, सुब्हानी मियां की अपील- नाम जुड़वाएं
-आरके सिंह- बरेली। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के बड़े भाई और दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मोहम्मद सुब्हान रज़ा ख़ां (सुब्हानी मियां) ने मुस्लिम समाज सहित सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी मतदाता सूची नवीनीकरण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने परिवारों के नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं।
सुब्हानी मियां ने समाज के इमामों, मस्जिद कमेटी सदस्यों और जिम्मेदार व्यक्तियों से गुजारिश की कि वे अपने-अपने मोहल्लों की 2003 की वोटर लिस्ट डाउनलोड करें या बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) से प्राप्त करें। उन्होंने सुझाव दिया कि मस्जिदों के पास अस्थायी केंद्र स्थापित किए जाएं, जहां लोगों को फार्म भरने और दस्तावेज़ तैयार कराने में सहायता दी जा सके।
उन्होंने इसे ‘खिदमत-ए-खल्क’ (जनसेवा का कार्य) बताते हुए कहा कि यह हर नागरिक का फर्ज़ है कि वह लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाए। सुब्हानी मियां ने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना लोकतंत्र की बुनियादी पहचान है।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने चार नवंबर से चार दिसंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू किया है, जिसमें वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार माना गया है। ऐसे परिवार, जिनके नाम 2003 की सूची में शामिल थे, उनके सदस्य जो एक जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होंगे, उनके नाम स्वचालित रूप से नई सूची में जोड़े जाएंगे।
सुब्हानी मियां ने कहा कि यह समय समाज को जागरूक करने का है। मस्जिदों के पास अगर अस्थायी वोट केंद्र बनाए जाएं तो लोगों को फार्म भरने और जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी। यह कदम न केवल जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का भी काम करेगा।
उन्होंने अंत में समाज से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और वोटर बनने की प्रक्रिया में आगे आए, ताकि आने वाले चुनावों में कोई भी योग्य नागरिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे।