बरेली के फ्लैशबैक रेस्टोरेंट की लिफ्ट में आधे घंटे तक कैद रहे दस मासूम, चीख-पुकार से हड़कंप, दरवाजा तोड़कर सुरक्षित निकाले गये

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में सिलेक्शन प्वाइंट के पास स्थित फ्लैशबैक रेस्टोरेंट रविवार शाम उस समय दहशत का केंद्र बन गया, जब रेस्टोरेंट में लगी लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में फेल हो गई। लिफ्ट में 10 बच्चे और उनके परिजन सवार थे, जो कुछ ही पलों में घुप्प अंधेरे में कैद हो गए। इस खौफनाक घटना से रेस्टोरेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

Feb 8, 2026 - 22:43
 0
बरेली के फ्लैशबैक रेस्टोरेंट की लिफ्ट में आधे घंटे तक कैद रहे दस मासूम, चीख-पुकार से हड़कंप, दरवाजा तोड़कर सुरक्षित निकाले गये
बरेली का फ्लैशबैक रेस्टोरेंट, जिसकी लिफ्ट में बच्चे फंस गये थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट ऊपर की ओर बढ़ते ही तेज झटके के साथ रुक गई, इसके तुरंत बाद बिजली गुल हो गई। लिफ्ट के भीतर अंधेरा छा गया और अंदर फंसे बच्चे घबराकर चीखने चिल्लाने लगे। मासूमों की चीख-पुकार सुनकर रेस्टोरेंट में मौजूद लोग सहम गए और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

करीब आधे घंटे तक बच्चे और उनके परिजन लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। अंदर दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन रेस्टोरेंट का स्टाफ और प्रबंधन हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ। लिफ्ट खोलने के लिए कोई तकनीकी सहायता समय पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता चला गया।

घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता संजीव शर्मा ने तत्काल कमल राणा और प्रवीण भारद्वाज से संपर्क किया। इसके बाद हिंदू संगठनों से जुड़े नेता, समिति सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

स्थिति को गंभीर होता देख कमल राणा ने साहसिक कदम उठाते हुए लिफ्ट का दरवाजा तोड़ दिया, जिसके बाद एक-एक कर सभी बच्चों और परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आते ही कई बच्चे डर और सदमे के कारण फूट-फूटकर रो पड़े, जिन्हें परिजन गले लगाकर ढांढस बंधाते नजर आए।

घटना के बाद रेस्टोरेंट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किया गया। लोगों ने सवाल उठाया कि बिना सुरक्षा मानकों की जांच के लिफ्ट का संचालन क्यों किया जा रहा था।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि रेस्टोरेंट की लापरवाही के चलते बच्चों और उनके परिजनों की जान खतरे में पड़ी। गनीमत रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट के खिलाफ तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना रेस्टोरेंट और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली साबित हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor