आगरा में छिपा था चंदौली हत्याकांड का आरोपी, एसटीएफ और खेरागढ़ पुलिस ने दबोचा लिया
आगरा। एक मई को चंदौली में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी गोपाल सिंह को आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र से फरार होने से पहले ही एसटीएफ लखनऊ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के बूढ़ेपुर गांव निवासी गोपाल सिंह, 1 मई 2025 को राजकुमार यादव की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। खुफिया इनपुट मिला था कि वह आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में छिपा हुआ है और भागने की फिराक में है।
खबर की पुष्टि होते ही मंगलवार सुबह खेरागढ़ थाने की पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर डूगरबाला तिराहा पर घेराबंदी की और गोपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोपाल सिंह गिरफ्तारी से पहले आगरा से बाहर भागने की तैयारी में था।
इस बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ खेरागढ़ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से चंदौली हत्याकांड से जुड़ी और जानकारियां हासिल की जा रही हैं।
गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली टीम में खेरागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक रवि प्रकाश, अजय सरोज, प्रशांत कुमार, अनुज कुमार, कांस्टेबल शिवराज व STF लखनऊ के अधिकारी शामिल रहे।