नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ निदेशक का निर्देश न मिलने से लटका हुआ है

आगरा। आगरा के उप शिक्षा निदेशक मनोज कुमार गिरि ने पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि है कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक के स्पष्ट निर्देश प्राप्त होने के एक सप्ताह के अन्दर नोशनल वेतनवृद्धि के सभी प्रकरणों का निस्तारण कर दिया जायेगा।

Mar 24, 2025 - 19:04
 0
नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ निदेशक का निर्देश न मिलने से लटका हुआ है
उप शिक्षा निदेशक मनोज कुमार गिरि से वार्ता करते शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि।

-शैक्षिक महासंघ के शिष्टमंडल ने की उप शिक्षा निदेशक से मुलाकात

उप शिक्षा निदेशक ने यह बात राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के एक शिष्टमंडल से कही। शिष्टमंडल 01 जनवरी 2006 तथा 01 जनवरी 2016 के मध्य 31 दिसम्बर/30 जून को सेवानिवृत्त अध्यापकों को नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ प्रदान करते हुए उनकी पेंशन ग्रेच्युटी की गणना किये जाने की समस्या को लेकर उनसे मिला था। 

संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार के नेतृत्व में मिले शिष्टमंडल से वार्ता के दौरान उप शिक्षा निदेशक ने बताया कि जिन अध्यापकों की जन्मतिथि 30 जून है, केवल उन्हीं सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ मिलेगा। जो अध्यापक सत्र लाभ लेकर 30 जून को सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें यह लाभ नहीं मिलेगा। 

डीडीआर के इस कथन पर संघर्ष-समिति के संयोजक डॉ. कुंजिल सिंह चाहर ने कहा कि विभिन्न तिथियों में जारी शासनादेशों में कही भी यह उल्लेख नहीं है कि सत्र लाभ प्राप्ति के उपरान्त 30 जून को सेवानिवृत्त अध्यापकों को एक नोशनल वेतन वृद्धि का लाभ देय नहीं है। फिर सत्र लाभ प्राप्ति के उपरान्त 30 जून को सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक नोशनल वेतनवृद्धि के लाभ में वंचित क्यों रखा जा रहा है। 

इसके उत्तर में डीडीआर गिरि ने बताया कि इस बावत स्पष्ट निर्देश प्राप्त करने के लिए वे छह पत्र निदेशक को भेज चुके हैं। अभी तक शिक्षा निदेशक का स्पष्ट निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। निर्देश मिलते ही सारे मामले निपटा दिए जाएंगे। 

उप निदेशक ने यह भी बताया कि आगरा मण्डल के 31 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले समस्त प्रधानाचार्यो एवं अध्यापकों के पेंशन, ग्रेच्युटी तथा जी0पी0एफ0 (सामान्य भविष्य निधि) के प्रकरणों का निस्तारण 05 अप्रैल 2025 तक कर दिया जायेगा। 

वार्ता के उपरान्त पुनः एक ज्ञापन उप शिक्षा निदेशक तथा संयुक्त शिक्षा निदेशक को सौंपा गया। इस मामले में अगली रणनीति तय करने के लिए अगली बैठक 25 मार्च को दो बजे से नागरी प्रचारिणी सभा भवन में होगी। शिष्ट मण्डल में महेश चन्द्र शर्मा तथा ओम प्रकाश जैन भी शामिल थे।