धौलपुर की लड़की का शव आगरा के खेरागढ़ में सड़क किनारे मिला, नाक से खून और शरीर पर चोट के निशान
आगरा। आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में शुक्रवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा देखा। युवती की नाक से खून निकल रहा था और शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान थे।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जांच में दुष्कर्म के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
सुबह चार बजे की घटना
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे जब लोग टहलने निकले, तभी उन्होंने सड़क किनारे एक युवती का शव देखा। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने फौरन फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल को सील कर दिया। टीम ने साक्ष्य इकट्ठा कर उन्हें जांच के लिए लैब भेजा है।
पहचान धौलपुर निवासी के रूप में हुई
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया कि युवती की पहचान हो चुकी है, वह राजस्थान के धौलपुर की रहने वाली थी। प्राथमिक जांच में यह प्रतीत होता है कि उसकी हत्या कहीं और की गई और फिर शव को गांव के बाहरी इलाके में लाकर फेंका गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
डीसीपी ने कहा कि हत्या का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और एसओजी व सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।