आगरा के गांव में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? कल से गायब था
आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र के गढ़ी डंडूरा गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव नीम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। मंगलवार शाम को युवक घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो उठे।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों के पास पेड़ से लटका शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक की पहचान गांव के ही युवक नारायण के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि मौके की स्थिति आत्महत्या की ओर भी संकेत कर रही है। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है।
इस रहस्यमयी घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिवार के लोग भी कोई ऐसी वजह नहीं बता पा रहे, जिससे मौत की गुत्थी सुलझ सके। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।