मेयर द्वारा पेंच कसे जाने के बाद ही पार्षदों को मिल पाए लैपटॊप

आगरा। डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती देते हुए आगरा नगर निगम ने एक अहम पहल की है। नगर निगम के सभी पार्षदों को मंगलवार को लैपटॉप वितरित किए गए। यह कदम नगर निगम की कार्यप्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने और पार्षदों को तकनीकी रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Apr 9, 2025 - 11:48
 0
मेयर द्वारा पेंच कसे जाने के बाद ही पार्षदों को मिल पाए लैपटॊप
नगर निगम में पार्षदों को लैपटॊप वितरित करतीं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह।

-आगरा नगर निगम के इस कदम से डिजिटल इंडिया मिशन को मिली है मजबूती

पार्षदों को लैपटॊप दिलाने के लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह को सख्त रुख अपनाना पड़ा था। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति और सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद यह कार्य जल्दी हो जाना चाहिए था, लेकिन नगर निगम के अधिकारी तो ठहरे मर्जी के मालिक। कुछ लैपटॊप की खरीद भी करा ली, लेकिन उनका वितरण नहीं किया गया।

इन लैपटॊप की वारंटी अवधि भी खत्म होने को आ रही थी। अफसरों के ढुलमुल रवैये पर मेयर ने पिछले दिनों नगरायुक्त को पत्र लिखकर सवाल उठाया था कि क्या वारंटी बीत जाने के बाद पार्षदों को लैपटॊप दिए जाएंगे। इसका असर हुआ और अब पार्षदों को लैपटॊप मिल गये हैं।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने पार्षदों को लैपटॉप वितरित करते हुए कहा, नगर निगम की कार्यकारिणी और सदन की बैठक में लैपटॉप वितरण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। अब पार्षद डिजिटल माध्यम से अपने क्षेत्र से जुड़े जनहित कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा कर सकेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान की यह कड़ी, आगरा में तकनीकी प्रगति और प्रशासनिक दक्षता को और अधिक गति देगी।

ऑनलाइन होंगे नगर निगम से जुड़े अधिकांश कार्य

नगर निगम कार्यकारिणी समिति की  उपसभापति हेमलता चौहान ने बताया कि अब अधिकतर नगर निगम से संबंधित कार्य, जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क, नाला, पुलिया निर्माण आदि ऑनलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं। ऐसे में पार्षदों को लैपटॉप मिलने से आवेदन प्रक्रिया सुगम और त्वरित हो जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पार्षदों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि यह कदम क्षेत्रीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से सुलझाने में सहायक सिद्ध होगा।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव सहित नगर निगम के कई अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor