ताजमहल की मोहब्बत में डूबा अमेरिकी उप राष्ट्रपति का परिवार, भारतीय रंग में रंगे दिखे बच्चे
आगरा। मोहब्बत की मिसाल ताजमहल एक बार फिर अपने आकर्षण पर इतरा रहा था। इस बार इसकी खूबसूरती में डूबे नजर आए अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, जो अपने परिवार के साथ आज आगरा यात्रा पर हैं। ताज के दीदार के लिए वह पत्नी ऊषा वेंस और बच्चों के साथ पहुंचे और कई एंगल से ताजमहल की फोटोग्राफी कराई।
ताजमहल की दीवारों से झांकते सूरज की किरणों में नहाते संगमरमर को निहारते हुए वेंस परिवार भाव-विभोर नजर आया। खास बात यह रही कि उप राष्ट्रपति के बच्चे भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। लड़के ने कुर्ता-पाजामा और लड़की ने रंग-बिरंगी लहंगा-चोली पहन रखी थी। विदेशी मेहमानों में इस भारतीय रंग का समावेश हर किसी का ध्यान खींच गया।
स्कूली बच्चों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
उप राष्ट्रपति वेंस आज सुबह जयपुर से खेरिया एयरपोर्ट, आगरा पहुंचे, जहां से वे सीधे शिल्पग्राम पहुंचे। पूरे रास्ते में स्कूली बच्चों ने भारत और अमेरिका के झंडे लहराकर उनका भव्य स्वागत किया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर वेंस परिवार बेहद उत्साहित हो गया। उन्होंने कई बच्चों से बातचीत भी की और उनकी कलाओं की सराहना की।
शिल्पग्राम से ताजमहल तक की यात्रा गोल्फ कार्ट में की गई, जहां वेंस और उनका परिवार ताज की नक्काशी और स्थापत्य कला को निहारते रहे। उन्होंने वहां मौजूद गाइड से ताज के इतिहास के बारे में जानकारी ली और कई बार सिर हिलाकर अपनी प्रशंसा जताई।