आगरा में दो मंजिला बिल्डिंग का अगला हिस्सा गिरा, दो घायल, अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका, राहत कार्य जारी
आगरा। शुक्रवार शाम थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के पास एक दो मंजिला इमारत का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में सड़क पर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और राहत टीमें तैनात हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके की आवाज के साथ बिल्डिंग का अगला हिस्सा अचानक जमीन पर आ गिरा। आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंचे। सड़क पर चल रहे दो लोग इसकी चपेट में आ गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीनें लगाकर यह देखा जा रहा है कि मलबे में कोई दबा तो नहीं है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इमारत में कितने लोग मौजूद थे।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। आनन-फानन में आसपास की इमारतों को भी खाली कराया गया है। मौके पर तमाम अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।