देश में बढ़ती नफरत को प्यार और भाईचारे से ही मिटाया जा सकता है: तौसीफ मियां

बरेली। देश में बढ़ती नफरत और कटुता को लेकर दरगाह आला हज़रत के जिम्मेदारान गहरी चिंता जता रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मरकज़-ए-अहले सुन्नत, दरगाह आला हजरत पर एक अहम बैठक हुई,

Apr 27, 2025 - 21:53
 0
देश में बढ़ती नफरत को प्यार और भाईचारे से ही मिटाया जा सकता है: तौसीफ मियां

जिसमें दरगाह के सज्जादानशीन और आला हज़रत के नवासे अल्लामा तौसीफ रज़ा ख़ान ने देशभर की खानकाहों के नाम एक संदेश जारी किया।

तौसीफ मियां ने कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब में हमेशा से खानकाहों ने प्रेम और भाईचारे की मिसाल पेश की है। हमारे बुजुर्गों ने धर्म, जाति से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद की मदद की और इंसानियत को सर्वोपरि माना। उन्होंने कहा, आज देश में नफरत की आग भड़क रही है। कुछ राजनीतिक ताकतें अंग्रेजों के फूट डालो और राज करो के फार्मूले को फिर से ज़िंदा करने की कोशिश कर रही हैं। ये तत्व देश के असली दुश्मन हैं।

तौसीफ मियां ने सभी भारतीय खानकाहों और धर्म प्रेमियों से आह्वान किया कि वह मैदान में उतरकर आपसी विश्वास, सौहार्द और भाईचारा फिर से कायम करें। उन्होंने उलेमा और मस्जिदों के इमामों से अपील की कि जुमे की नमाज़ में दिए जाने वाले खुतबों के ज़रिये समाज में शांति और एकता का संदेश फैलाया जाए।

उन्होंने कहा कि प्यार, दुआ, सेवा और नेक आचरण से ही नफरत को हराया जा सकता है। तौसीफ मियां ने कहा कि हमें अपने किरदार से लोगों के दिलों में जगह बनानी होगी और हर तरह की गलतफहमियों को खत्म करना होगा।

बैठक में कई अहम फैसले लिए गए जिसमें यह भी तय हुआ कि देशभर की खानकाहें अब पहले की तरह जमीनी स्तर पर मानवता और भाईचारे के लिए सक्रिय रूप से काम करेंगी।