देश की बढ़ती ताकत अब किसी से छिपी नहीं, विदेशी दबाव में अब नहीं होते फैसले- जितिन प्रसाद

बरेली।  भारत अब दुनिया की आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से एक सशक्त शक्ति बनकर उभरा है। यह बात केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित समारोह में कही।

May 31, 2025 - 12:55
 0
देश की बढ़ती ताकत अब किसी से छिपी नहीं, विदेशी दबाव में अब नहीं होते फैसले- जितिन प्रसाद
बरेली में अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद।

उन्होंने कहा कि भारत की 140 करोड़ की आबादी सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े बाज़ार और ताकतवर लोकतंत्र का प्रतीक है। यह नया भारत है, जो किसी विदेशी दबाव में निर्णय नहीं करता। अब वही करार और सौदे होंगे, जो जनता के हित में होंगे।

कार्यक्रम स्थल जीआईसी ऑडिटोरियम, बरेली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि भारत का सैन्य पराक्रम और व्यापारिक आत्मनिर्भरता वैश्विक मंचों पर नजर आने लगी है। ऑपरेशन सिंदूर में सेना के अद्भुत साहस ने आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को मजबूती से दुनिया के सामने रखा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में बुनियादी ढांचे, हाईवे, एयरपोर्ट, आवास, शौचालय जैसे क्षेत्रों में जो विकास हुआ है, उसने न केवल रोजगार बढ़ाया बल्कि आम नागरिक के जीवन स्तर को भी ऊपर उठाया है।

वाणिज्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जब भारत आज किसी देश से व्यापार समझौता करता है, तो वह बराबरी के स्तर पर करता है और भारत के लिए सर्वोत्तम उत्पादों की मांग करता है।

इससे पूर्व, महापौर डॉ. उमेश गौतम ने रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों पर चलने की अपील की।

SP_Singh AURGURU Editor