किसान को अपह्रत कर दो लाख मांगने वाले दरोगा दो सिपाही निलंबित, केस भी दर्ज

बरेली। बरेली अपहरण कर अवैध वसूली की डिमांड करने के आरोप में एक दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन पुलिसकर्मियों ने एक निर्दोष किसान को स्मैक तस्करी में फंसाने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये की डिमांड की थी।

Apr 4, 2025 - 18:39
 0
किसान को अपह्रत कर दो लाख मांगने वाले दरोगा दो सिपाही निलंबित, केस भी दर्ज

जिस दरोगा व सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, वे फतेहगंज पुलिस चौकी प्रभारी बलवीर सिंह, कांस्टेबल मोहित चौधरी और हिमांशु हैं। इन पर अपहरण, धमकी, और अवैध वसूली जैसे संगीन मामलों में मामला दर्ज हुआ है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौकी प्रभारी और दोनों सिपाहियों को को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। 

थाना फतेहगंज पश्चिमी के ग्राम भिटौरा निवासी बलवीर संपन्न किसान हैं। इन्हें गुरुवार रात पुलिसकर्मियों ने उनके घर से जबरन उठा लिया। चौकी प्रभारी बलवीर सिंह, कांस्टेबल मोहित और हिमांशु ने उनके घर में घुसकर तलाशी ली। सामान बिखेरा और फिर उन्हें उठाकर रबर फैक्टरी कॉलोनी स्थित एक निजी आवास में ले जाकर बंधक बना लिया।

पुलिसकर्मियों ने किसान के परिजनों से कहा कि वह स्मैक का धंधा करते हैं। उन्हें छोड़ने के लिए दो लाख रुपये की मांग की गई। हकीकत यह थी कि बलवीर के कोई का आपराधिक रिकॉर्ड तक नहीं था।

बलवीर के परिजनों ने तुरंत मामले की शिकायत आईजी बरेली रेंज डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ हाईवे नीलेश मिश्रा को जांच के लिए भेजा गया। सीओ मिश्रा मौके पर पहुंचे तब तक चौकी प्रभारी और दोनों सिपाही वहां से फरार हो चुके थे।

सीओ ने अपह्रत बलवीर को सुरक्षित घर छुड़वाया और मामले की विस्तृत रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। रिपोर्ट मिलते ही एसएसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए फतेहगंज पश्चिमी चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह और दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ एफआईआर भी दर्ज करा दी। तीनों आरोपी पुलिसकर्मी फिलहाल गायब हैं, जिनकी तलाश में टीमें गठित की गई हैं। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।