फॉरेंसिक क्विज में दिखी मेडिकल छात्रों की दिमागी धार, एसएन की टीम रही अव्वल
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग में मंगलवार को फॉरेंसिक मेडिसिन दिवस के अवसर पर एक शैक्षणिक एवं रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आगरा और फिरोजाबाद के मेडिकल छात्रों ने भाग लेकर अपनी जानकारी और समझ का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 60 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम के नीतीश कुमार और नमन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर रहे हर्ष शर्मा और विश्वास जैन, जबकि तीसरे स्थान पर एएसएमसी (स्वशासित राज्य चिकित्सा महाविद्यालय) फिरोजाबाद की शुभग्री और दिव्या की जोड़ी रही।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में फॉरेंसिक विज्ञान की नई तकनीकों और अद्यतित जानकारी के प्रति रुचि को बढ़ाना था। क्विज के जरिए विद्यार्थियों को न केवल ज्ञानवर्धन का अवसर मिला, बल्कि विधि और चिकित्सा के संगम को भी बेहतर ढंग से समझने का मौका मिला।
मुख्य अतिथि डॉ. जीयू कुरैशी (पूर्व प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष) ने छात्रों को प्रेरित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक मेडिसिन आधुनिक समय में न्यायिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा बन चुका है, और इसमें प्रशिक्षित युवाओं की बड़ी आवश्यकता है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई दी और छात्रों को आगे भी नवाचार और सीखने की लगन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विभाग के डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. विकास कुमार, डॉ. कामना सिंह सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षक भी उपस्थित रहे।