बहुप्रतीक्षित वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पेश, बहस शुरू हुई

नई दिल्ली। बहु प्रतीक्षित वक्फ संशोधन बिल सरकार ने आज लोकसभा में पेश कर दिया। संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ बिल सदन के पटल पर रखा और विस्तार से बात रखते हुए कहा कि यह बिल क्यों लाया गया है।

Apr 2, 2025 - 13:37
 0
बहुप्रतीक्षित वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पेश, बहस शुरू हुई

किरेन रिजिजू ने बिल के बारे में सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा इस वक्फ बिल को लेकर लगातार भ्रम फैलाया जा रहा है कि सरकार मस्जिदों और दरगाहों को छीन लेगी। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि वक्फ बिल के जरिए कुछ भी हड़पने की योजना नहीं है। वक्फ बिल तो गरीब मुसलमानों के लिए लाभकारी होगा। गरीब मुसलमानों का वक्फ संपत्तियों के जरिए उद्धार हो सकेगा। 

उन्होंने कहा कि सीएए के समय भी विपक्ष ने यह भ्रम फैलाया था कि इससे मुस्लिमों की नागरिकता छीन ली जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि सीएए लागू होने के बाद क्या किसी मुसलमान की नागरिकता छीनी गई। यह साबित हो चुका है कि सीएए को लेकर विपक्ष ने झूठ बोलकर भ्रम फैलाया। क्या विपक्ष इस भ्रम फैलाने के लिए माफी मांगेगा।

श्री रिजिजू ने कहा कि वक्फ बिल में स्पष्ट है कि किसी भी रजिस्टर्ड संपत्ति में दखल नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संपत्ति छीनने का कानून नहीं है, लेकिन पुराने बिल के आधार पर जिस तरह से किसी भी संपत्ति पर वक्फ किया जा रहा था, वह गलत था। इसमें हमने संशोधन किया है। अब ऐसे मामलों की पहले जांच होगी। उन्होंने कहा कि वक्फ ट्रिब्यूनल में अब तीन सदस्य होंगे। उन्होंने कहा कि पुराने वक्फ बिल का बहुत दुरुपयोग किया जा रहा था, इसीलिए यह संशोधन लाने की जरूरत महसूस हुई।

किरेन रिजिजू का भाषण पूरा होने के बाद वक्फ बिल को लेकर बहस शुरू हो चुकी थी। कांग्रेस की ओर से गौरव गोगोई ने पार्टी का पक्ष रखना शुरू कर दिया था। गोगोई ने अपने भाषण की शुरुआत इस बात से की कि किरेन रिजिजू ने वक्फ बिल को लेकर सदन को गुमराह किया है।

SP_Singh AURGURU Editor