कारोबारी से चौथ मांगने वाला हत्या का प्लान भी बना चुका था

आगरा। कस्बा एत्मादपुर के मोहल्ला शुतुरवान निवासी कांच कारोबारी को फोन पर धमकाकर 20 लाख की चौथ मांगने वाला गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ कारोबारी की हत्या का प्लान तैयार कर लिया था।

Feb 8, 2025 - 22:14
 0
कारोबारी से चौथ मांगने वाला हत्या का प्लान भी बना चुका था
एत्मादपुर पुलिस की हिरासत में अभियुक्त दीपक कुमार।

-एत्मादपुर पुलिस ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार, पिता को नौकरी से हटाने पर था नाराज

कांच कारोबारी मुस्लिम पुत्र हाजी पुन्नी खां ने विगत 4 फरवरी को थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज कराकर शिकायत की थी कि उससे फोन पर 20 लाख रुपये की चौथ मांगी गई है। जान से मारने की धमकी भी दी गई है। कारोबारी ने पुलिस को वह मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया, जिससे फोन किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करने के बाद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई थीं। एक सूचना पर पुलिस ने विगत दिवस सतौली, एत्मादपुर के पास स्थित विनायक मैरिज होम के नजदीक से दीपक कुमार पुत्र विश्वजीत को गिरफ्तार किया। यह अभियुक्त श्यामवीर धर्मशाला के पास नगरा विष्णु, थाना लाइन पार, फिरोजाबाद का निवासी है।

पूछताछ में अभियुक्त ने जो कुछ बताया, उससे पुलिस के भी कान खड़े हो गए। दीपक ने बताया कि मुस्लिम के फिरोजाबाद स्थित कारखाने में उसके पिता काम करते थे। मुस्लिम ने उन्हें नौकरी से हटा दिया था। इसी वजह से उसके मन में गुस्सा था। उसने ठान लिया था कि मुस्लिम को मार देगा। उसके दोस्तों ने इसमें उसका साथ देने की बात कही थी। इसी क्रम में 24 जनवरी को फिरोजाबाद से एक मोबाइल चुराकर उसी से व्यापारी मुस्लिम को चौथ देने के लिए धमकाया था।

दीपक ने बताया कि वह एक पिस्टल भी खरीदने की तैयारी में था। इसी सिलसिले में एत्मादपुर में सतौली के पास आया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

SP_Singh AURGURU Editor