अब तक पुलिस को छकाते आ रहे 16 साल के हत्याभियुक्त को कल कोर्ट में पेश करेगी

आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र में आठ वर्ष की एक बालिका की हत्या और इस मामले में पकड़ा गया किशोर पुलिस के लिए पहली बन गया है। लाख जतन करने के बाद भी पुलिस इस किशोर से हत्या की वजह नहीं उगलवा पाई है, लेकिन मनोवैज्ञानिकों की मदद से पुलिस घटना के कारणों तक पहुंच चुकी है। कल किशोर को न्यायालय में पेश किए जाने की तैयारी है।

Nov 4, 2024 - 20:34
 0
अब तक पुलिस को छकाते आ रहे 16 साल के हत्याभियुक्त को कल कोर्ट में पेश करेगी

थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव के निवासी एक व्यक्ति की आठ वर्ष की बालिका बीते गुरुवार की शाम को अचानक लापता हुई थी। परिजन उसे पूरी रात ढूंढते रहे, लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो पुलिस में जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। 

पुलिस इस बालिका के बारे में पता लगा पाती कि अगले दिन यानि शुक्रवार को गांव के ही पास बोरे में बंद इस बालिका की लाश बरामद हुई। दीपावली के मौके पर बालिका की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया था।

थाना पुलिस की भी नींद उड़ गई कि आखिर एक मासूम बालिका को किसने और क्यों मारा? पोस्टमार्टम से साफ हुआ की बालिका के साथ दुष्कर्म जैसी कोई वारदात नहीं हुई थी। इधर पुलिस ने गांव के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे तो बालिका के साथ जाता एक किशोर दिखा। 

16 साल के इस लड़के ने बालिका की हत्या की बात भी कबूल कर ली है, लेकिन यह नहीं बता रहा कि उसने इस बच्ची को क्यों मारा। पुलिस ने प्यार से दुलार और सख्ती जैसे सभी तरह के प्रयास कर लिए हैं, लेकिन किशोर हत्या की वजह नहीं बता रहा।

चूंकि हत्या आरोपी नाबालिग है, इसलिए पुलिस भी इसके मामले में सावधानी से आगे बढ़ रही है। उसके मन की बात जानने के लिए पुलिस ने अब मनोवैज्ञानिकों का सहारा लिया। पुलिस इसके साथ ही इस मामले से जुड़े ठोस सबूत भी जुटा रही है ताकि आरोपी को कोर्ट में सजा दिलाई जा सके। थाना प्रभारी ने बताया आज रात को अधिकारियों से सलाह मशविरा कर फ़र्द तैयार कर ली जाएगी।

उधर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी-एसटी विभाग के निर्देश पर आगरा जिला एवं शहर के कांग्रेसियों के प्रतिनिधिमंडल ने मलपुरा क्षेत्र में उस पीड़ित दलित परिवार से भेंट की, जिसकी आठ वर्ष की बेटी की निर्मम हत्या की गयी है। कांग्रेसजनों ने दलित  आरोपी को को कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में अमीचंद जाटव, अश्वनी कुमार बिट्टू, अज़हर वारसी, भूरी सिंह डंपी, विवेक सिंह, प्रशांत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, टीटू मिस्त्री, मोमिन अख्तर आदि शामिल थे।

SP_Singh AURGURU Editor