मथुरा का रास्ता साफ, मौका मिले तो चूकना नहीं चाहिए- योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि इस बार हमने मथुरा के लिए बजट दे दिया है। अब वहां का भरपूर विकास होगा। रास्ता साफ है। जब मौका मिले, तब चूकना नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुनिया कुछ भी सोचे, ये सच है कि मैंने भगवा धारण किया और ये सनातन की पहचान है। इस पर मुझे गर्व है। देखना, एक दिन पूरी दुनिया इसे पहनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग (विपक्ष) पहले ग्रंथ पढ़ लें, फिर मुझसे बहस करें।
-संघ के कार्यक्रम में बोले योगी- एक दिन पूरी दुनिया भगवान पहनेगी, विपक्षी ग्रंथ पढ़ लें और फिर मुझसे बहस करें
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के एक होटल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम ‘मंथनः कुंभ एंड बियॉन्ड विचार संगम में सवालों के जवाब दे रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि इंडोनेशिया के एक नेता ने कहा था कि अगर मेरा डीएनए चेक होगा तो भारत का आएगा। विपक्ष पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों को विदेशी आक्रांताओं का महिमा मंडन करना बंद कर देना चाहिए, वरना जब संभल जैसे सच सामने आएंगे तो कहीं भी नहीं बचेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर हम जबरन किसी आस्था को चोट पहुंचाएं तो ये स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जब पहले उल्लेख है कि संभल में भगवान विष्णु का अवतार होना है तो फिर क्यों हंगामा किया जा रहा है। संभल में 56 साल बाद भगवान शिव का अभिषेक हुआ है। 56 साल तक ये लोग क्या कर रहे थे।
प्रयागराज के प्रमुख स्थल माफिया के कब्जे में थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि भारद्वाज की नगरी प्रयागराज, जो दुनिया के पहले गुरुकुल की भूमि है, पिछली सरकारों के दौर में माफियाओं के हवाले थी। अक्षय वट को गुलामी के काल में कैद कर नष्ट करने की कोशिश की गई, जिससे 500 वर्षों तक श्रद्धालु दर्शन से वंचित रहे। माता सरस्वती कूप और पातालपुरी जैसे स्थल उपेक्षित रहे जबकि श्रृंगवेरपुर, भगवान राम और निषादराज के मैत्री स्थल पर लैंड जिहाद के जरिए कब्जा कर लिया गया गया था। द्वादश माधव और नागवसुकी जैसे पवित्र स्थल भी अवैध कब्जों की चपेट में थे। महाकुंभ के दौरान वहां नए कॉरिडोर बनाकर इन स्थलों को मुक्त कराया गया, जो हमारी पौराणिक परंपरा के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
हमने सभी स्थलों का कायाकल्प किया
सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ के दौरान इन स्थलों को माफिया से मुक्त कराकर उनके कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त हुआ, जिससे श्रद्धालु अब साल भर यहां दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के आयोजन ने दुनिया को भारत के सामर्थ्य और सनातन धर्म के वास्तविक स्वरूप को दिखाया। साथ ही उत्तर प्रदेश की नकारात्मक छवि को भी बदला। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया एक दिन भगवा पहनेगी।
सीएम ने कहा कि महाकुंभ ने सनातन धर्म के सच्चे और व्यापक स्वरूप को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम में हर जाति, पंथ और क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने एक साथ डुबकी लगाई, जो ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाता है।
महाकुम्भ दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन
योगी ने कहा, “दुनिया ने इसे आश्चर्य और कौतूहल की नजरों से देखा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भेदभाव की कोई जगह नहीं है। यह आयोजन इसकी एक झलक थी। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के लिए अपनी सकारात्मक छवि को वैश्विक मंच पर पेश करने का अनूठा अवसर बताया। कहा कि 45 दिनों के इस आयोजन में 66 करोड़ 30 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जो दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है।
बच्चों के नाम औरंगजेब रखें और परिणाम भुगतें
औरंगजेब को आदर्श मानने वालों पर तीखा हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह मानसिक विकृति का परिणाम है। उन्होंने शाहजहां की पुस्तक का हवाला देते हुए बताया कि औरंगजेब ने अपने पिता को कैद कर एक-एक बूंद पानी के लिए तरसाया और भाई को मार डाला। जो औरंगजेब को पसंद करते हैं, वे अपने बच्चों का नाम औरंगजेब रखें और उसके अत्याचार भोगने को तैयार रहें। उन्होंने कहा कि औरगंजेब की तारीफ करने वाले भारत के नायकों का अपमान कर रहे हैं।